सारस न्यूज़, बहादुरगंज, किशनगंज।
प्रखंड क्षेत्र के राजस्व कर्मचारी अपनी 17 सूत्री मांगों को लेकर गुरुवार से सामूहिक अवकाश पर चले गए हैं। इस फैसले की जानकारी कर्मचारियों ने अंचलाधिकारी आशीष कुमार सिंह को लिखित रूप में दी है।
राजस्व कर्मचारी संतोष कुमार ने बताया कि इससे पहले 4 मार्च से सभी कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे थे। उस समय भूमि सुधार विभाग के अपर मुख्य सचिव ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया था कि सरकार उनकी मांगों को गंभीरता से लेते हुए हर बिंदु पर कार्रवाई शुरू करेगी। इसी भरोसे पर 13 मार्च को धरना समाप्त कर दिया गया था।
हालांकि, दो महीने बीत जाने के बाद भी कोई ठोस पहल नहीं की गई, जिससे कर्मचारियों के बीच नाराजगी और असंतोष गहराता गया। इसी क्रम में बिहार राज्य भूमि सुधार कर्मचारी संघ (गोप गुट) की एक बैठक हुई, जिसमें सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि जब तक सरकार 17 सूत्री मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं करती, तब तक सभी कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर रहेंगे।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में गृह जिले में पदस्थापन, 2800 ग्रेड पे समेत कई अन्य मुद्दे शामिल हैं, जिन्हें लेकर सरकार पर दबाव बनाने की रणनीति अपनाई जा रही है।
