सारस न्यूज, अररिया।
नगर थाना क्षेत्र में बाइक चोरी की घटनाएं रुकने का नाम ही नहीं ले रही। नगर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिलने पर, या लोगों की मदद से, कई बाइक चोरों को रंगेहाथों गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। इसके बावजूद, शहर में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं ने बाइक मालिकों को खासा परेशान कर रखा है। नगर थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से बाइक की चोरियां हो रही हैं।
इसी क्रम में, एसपी आवास से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित एक फोटोस्टेट दुकान के बाहर खड़ी बाइक को चोरों ने चोरी कर लिया। इस घटना को लेकर, पीड़ित बाइक मालिक आश्रम रोड, महादेव चौक निवासी जय प्रकाश विश्वास (पिता: जीतन लाल विश्वास) ने नगर थाना में आवेदन देकर अपनी बाइक संख्या BR 39 M 4909 के चोरी होने की सूचना दी है और बाइक की खोजबीन के लिए नगर थाना पुलिस से गुहार लगाई है।
