सारस न्यूज़, अररिया।
पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी
बथनाहा थाना क्षेत्र के सोनापुर पंचायत के वार्ड संख्या 12 स्थित गोभी के एक खेत में गुरुवार देर रात एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही शुक्रवार सुबह बथनाहा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
मृतक की पहचान और घटनास्थल पर स्थिति: शव की पहचान सोनापुर वार्ड संख्या 12 के निवासी मो. अब्दुल बैठा (58) के रूप में हुई। शव के गले और सिर पर धारदार हथियार से हमले के निशान पाए गए हैं। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद शव को खेत में लाकर फेंका गया प्रतीत होता है। शव एक चटाई में लिपटा हुआ था, और उसके पास से एक साइकिल और चप्पल बरामद की गई है।
मृतक का पारिवारिक विवरण: मृतक अब्दुल बैठा के पांच पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। तीनों बेटियों और दो बेटों की शादी हो चुकी है। बेटियां अपने ससुराल में रहती हैं, जबकि दो बेटे दिल्ली और पंजाब में काम करते हैं। मृतक की पत्नी का निधन कुछ वर्ष पूर्व हो चुका है। अब्दुल बैठा सब्जी खरीदकर बाजार में बेचने का काम करते थे।
परिवार का संदेह और पुलिस की जांच: मृतक के परिजनों का कहना है कि अब्दुल बैठा गुरुवार रात करीब 10 बजे खाना खाकर सो गए थे। लेकिन कब और कैसे वह घर से बाहर निकले, इसका किसी को पता नहीं चला। पुलिस को घटनास्थल से करीब 100 मीटर की दूरी पर एक घर से खून के धब्बे और निशान मिले हैं। परिजनों का आरोप है कि अब्दुल की हत्या उसी घर में की गई और शव को खेत में फेंक दिया गया।
थाना अध्यक्ष का बयान: बथनाहा थाना अध्यक्ष धनोज कुमार गुप्ता ने बताया कि पुलिस घटना की हर कोण से जांच कर रही है। जरूरत पड़ने पर एफएसएल टीम की सहायता ली जाएगी। फिलहाल, मृतक के परिजनों द्वारा आवेदन नहीं दिया गया है। संभवतः मृतक के पुत्रों के लौटने का इंतजार किया जा रहा है।