सारस न्यूज़, अररिया।
पुलिस मुख्यालय, पटना के निर्देशानुसार सेवारत और सेवानिवृत्त सैनिकों की समस्याओं के समाधान के लिए अररिया पुलिस अधीक्षक कार्यालय में हेल्प डेस्क की स्थापना की गई है। इसकी जानकारी मुख्यालय डीएसपी फखरे आलम ने दी।
उन्होंने बताया कि इस हेल्प डेस्क का उद्देश्य भारतीय सेना में कार्यरत और सेवानिवृत्त जवानों को भूमि विवाद और अन्य समस्याओं का त्वरित समाधान प्रदान करना है। यह सुविधा विशेष रूप से बिहार में अररिया जिले से संबंधित जवानों और कर्मियों के लिए बनाई गई है।
डीएसपी फखरे आलम ने प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि इस हेल्प डेस्क के माध्यम से सेना से जुड़े जवानों और सेवानिवृत्त कर्मियों को उनके मुद्दों का उचित समाधान मिलेगा। हेल्प डेस्क के गठन से इन समस्याओं का समाधान अब सरल और सुगम हो सकेगा।
यह पहल न केवल सैनिकों के सम्मान और उनकी सेवाओं को सराहने का प्रयास है, बल्कि उनकी व्यक्तिगत समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने की दिशा में भी एक अहम कदम है।
