सारस न्यूज़, अररिया।
अररिया जिले में सोमवार को 36 अलग-अलग जगहों पर महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस पहल के तहत विशेष संवाद रथ के माध्यम से महिलाओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ऑडियो-वीडियो फिल्मों के जरिये दी गई।
इस कार्यक्रम के दौरान महिलाओं से उनके क्षेत्रों में विकास से जुड़े सुझाव, आवश्यक योजनाएं एवं प्राथमिकताओं की भी जानकारी जुटाई गई। जिला प्रशासन द्वारा बताया गया कि यह संवाद कार्यक्रम अगले कुछ दिनों तक लगातार जारी रहेगा।
जानकारी के अनुसार, प्रतिदिन औसतन सात हजार से अधिक महिलाएं इस संवाद अभियान में हिस्सा ले रही हैं। इनमें कई महिलाएं अपने व्यक्तिगत व सामाजिक मुद्दों के साथ-साथ अपनी आकांक्षाओं और सुझावों को भी साझा कर रही हैं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को राज्य सरकार की योजनाओं से जोड़ना और उनके विचारों को विकास की धारा में शामिल करना है।
संवाद के दौरान महिलाओं को जिन प्रमुख योजनाओं की जानकारी दी गई, उनमें मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, महिला आरक्षण नीति, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, अक्षर आँचल योजना, अनुसूचित जाति/जनजाति कल्याण योजनाएं, सावित्रीबाई फुले बालिका छात्रावास, मुस्लिम परित्यक्ता योजना और सबला जैसी सशक्तिकरण योजनाएं प्रमुख रहीं।
इन सभी योजनाओं का मकसद महिलाओं को न केवल जागरूक बनाना है, बल्कि उन्हें सामाजिक बराबरी और आत्मनिर्भरता की ओर भी अग्रसर करना है। साथ ही पात्रता और लाभ की प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाकर, उन्हें इन योजनाओं से जुड़ने हेतु प्रेरित किया गया।
इस संवाद श्रृंखला के माध्यम से ग्रामीण और दूरदराज की महिलाओं की आवाज प्रशासन तक पहुँच रही है, जो आने वाले समय में नीति निर्माण और योजनाओं के क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभा सकती है।
