सारस न्यूज टीम, सारस न्यूज।
केंद्र सरकार ने वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट योजना के तहत मखाना के उत्पादन एवं विकास के लिए दरभंगा जिले को प्रधानमंत्री अवार्ड के लिए चुना है। यह पुरस्कार 21 अप्रैल को दिल्ली में दिया जाएगा। जल संसाधन मंत्री संजय झा ने सोमवार को कहा कि राज्य सरकार के समेकित प्रयासों का यह फल है। मिथिला क्षेत्र की बेरोजगारी और पलायन की समस्या के निदान में मखाना उद्योग महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
मंत्री संजय झा ने कहा कि केंद्र सरकार में मंत्री रहते हुए नीतीश कुमार ने 2002 में दरभंगा में राष्ट्रीय मखाना अनुसंधान केंद्र की स्थापना की थी। इस अनुसंधान केंद्र का राष्ट्रीय दर्जा केंद्र की कांग्रेस की सरकार ने 2005 में हटा दिया था। इससे केंद्र से इस संस्थान को फंड मिलना बंद हो गया था।
मंत्री संजय झा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का सपना है कि बिहार का कोई न कोई उत्पाद देश और दुनिया की हर थाली में पहुंचे। इस सपने को साकार करने में मिथिला का स्वास्थ्यवर्धक मखाना सबसे बड़ी भूमिका निभाने की क्षमता रखता है। मिथिला में मखाना की खेती को बढ़ावा देने और देश-विदेश में इसकी ब्रांडिंग तथा बिक्री बढ़ाने में मुख्यमंत्री के निर्देश पर राज्य सरकार द्वारा कई स्तरों पर निरंतर प्रयास किए जा रहे हैैं।
मंत्री संजय झा ने कहा कि दुनिया में कुल मखाना उत्पादन का करीब 85 प्रतिशत मिथिला में होता है। एक आकलन के मुताबिक बिहार में मखाना के कुल उत्पादन में 2006 से 2021 के बीच पांच गुना से अधिक की बढ़ोतरी हो चुकी है।