सारस न्यूज़ टीम, वेब डेस्क, सारस न्यूज़।
दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) को करारा झटका लगा है। न सिर्फ पार्टी को हार का सामना करना पड़ा, बल्कि खुद अरविंद केजरीवाल भी अपनी पारंपरिक नई दिल्ली विधानसभा सीट नहीं बचा सके।
ठाकुरगंज में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न। दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत पर ठाकुरगंज के भाजपाइयों में जश्न का माहौल दिखा। भाजपा कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी और एक दूसरे को मिठाई खिलाकर जाहिर की जीत की खुशी।

पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी जंगपुरा सीट से चुनाव हार गए। उल्लेखनीय है कि अरविंद केजरीवाल ने सितंबर 2023 में मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। यह फैसला उन्होंने भ्रष्टाचार के एक मामले में जमानत मिलने के कुछ दिन बाद लिया था।
जेल में रहते हुए विपक्ष का हमला
जब केजरीवाल जेल में थे, तब विपक्षी पार्टियां लगातार उनके इस्तीफे की मांग कर रही थीं। विपक्ष का तंज था कि दिल्ली सरकार जेल से चलाई जा रही है, लेकिन तब केजरीवाल ने इन मांगों को अनसुना कर दिया था।
केजरीवाल 21 मार्च 2024 को जेल गए थे, जो लोकसभा चुनाव से ठीक पहले हुआ था। विपक्षी दलों ने इस पर मोदी सरकार की आलोचना करते हुए आरोप लगाया था कि केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर विरोधियों को निशाना बनाया जा रहा है।
आबकारी नीति घोटाले में गिरफ्तारी
अरविंद केजरीवाल को दिल्ली की आबकारी नीति घोटाले में कथित अनियमितताओं के कारण छह महीने जेल में रहना पड़ा। मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देते समय उन्होंने कहा था, “मैं जनता की अदालत में जा रहा हूँ। जनता ही तय करेगी कि मैं ईमानदार हूँ या नहीं।”
अब दिल्ली की जनता ने अपना फैसला सुना दिया है। यह फैसला ईमानदारी और बेईमानी से अधिक राजनीतिक बदलाव को दर्शाता है।
दिल्ली का अगला मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल नहीं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) से होगा।
