Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

कोसी नदी में नाव पलटी, दो किशोरी लापता, नाव पर मवेशी, चरवाहा व अन्य यात्री सवार थे

राजीव कुमार, वेब डेस्क, सारस न्यूज़।

सुपौल जिले के नदी थाना क्षेत्र के घोघररिया घाट पर कोसी नदी में रविवार देर शाम करीब साढ़े सात बजे एक नाव डूब गई। नाव पर सवार दो किशोरी लापता बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि नदी के पूर्वी भाग बघार से घोघररिया गांव की महिलाएं और लड़कियां घास काट कर नाव से नदी पार हो रही थीं। नाव पर मवेशी, चरवाहा और अन्य यात्री भी सवार थे। नदी के पश्चिमी भाग में तेज रफ्तार से नाव जब घाट किनारे लगी तो धक्का लगते ही नाव पीछे हट गई और नदी की तेज धारा में बहने लगी। इस क्रम में नाव में अफरातफरी मच गई और नाव डगमगाते हुए पलट गई।

नाव में सवार अन्य सभी लोग तो तैरकर बाहर आ गए लेकिन दो लड़कियां घोघररिया गांव के अवरेन्द्र यादव के पुत्री काजल कुमारी (उम्र 15 वर्ष ) और भागवत राय की पुत्री माला कुमारी ( उम्र 18 वर्ष ) लापता बताई जा रही हैं। समाचार लिखे जाने तक उनकी खोजबीन जारी है। नाव पलटने की सूचना पर वहां भीड़ जुटी हुई है। सीओ निरंजन सुमन और नदी थाना प्रभारी रामानुज सिंह घटनास्थल पर कैम्प किये हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!