बीरबल महतो, सारस न्यूज़।
गया जिले के डोभी थाना अंतर्गत कंजियार गांव के समीप डोभी-चतरा मार्ग पर शुक्रवार की शाम कार और हाईवा की सीधी टक्कर में कार सवार सात लोगों की मौत हो गई। घटनास्थल पर डोभी थाना की पुलिस को कार में फंसे शवों को निकालने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। बारिश के कारण परेशानी हो रही थी। गैस कटर से कार के गेट को काट शव को निकाल पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कालेज भेजा गया।
पुलिस ने सातों मृतकों की पहचान कर ली है। इनमें अभिनव कुमार 20 वर्ष पिता बेचकुन शर्मा, ग्राम बभना, थाना जहानाबाद, जिला जहानाबाद, शशि रंजन कुमार, (18 वर्ष), पिता सुनील शर्मा, ग्राम कुबरी, थाना करपी(अरवल), पंकज कुमार (22 वर्ष), पिता उदय यादव, ग्राम व थाना गुरारु, (गया) डा.संदीप यादव, (25 वर्ष), पिता हरि यादव, ग्राम बरिया नवाडीह, थाना बाराचट्टी, (गया), संदीप कुमार यादव, (20 वर्ष), पिता शिवविजय यादव, ग्राम बरोरा, थाना गुरारु, ( गया), रामचंद्र यादव (36 वर्ष) पिता रामरतन यादव, ग्राम कजरैला थाना गुरारु (गया) और धीरज शर्मा ग्राम काजी कसमा थाना रफीगंज (औरंगाबाद) शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार इनोवा कार बीआर-01पीबी-7010 झारखंड की ओर से आ रही थी। दूसरी तरफ डोभी की ओर से हाईवा चतरा की ओर जा रहा था। दोनों वाहनों के बीच सीधी टक्कर हो गई। इस संबंध में डोभी थानाध्यक्ष अजय कुमार ने जानकारी दी कि झारखंड से आ रही कार पर कुल सात लोग सवार थे। छह लोगों की मौत घटनास्थल पर हो गई। दुर्घटना के बाद मार्ग पर यातायात बंद हो गया है। डोभी पीएससी के पास पर्याप्त एंबुलेंस नहीं थे तो पुलिस प्रशासन ने शव उठाने के लिए शेरघाटी और बाराचट्टी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से वाहन मंगाए गए और पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजी गई। उन्होंने बताया कि शवों की पहचान कर ली गई हैं। कार झारखंड से आ रही थी। जिस पर प्रेस लिखा हुआ है। इसकी जांच कराई जा रही है। तत्काल डोभी पुलिस पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव सुपुर्द कर दिया गया है और उक्त दर्दनाक हादसे की जांच में जुट गई है। एसएसपी ने कहा, “ट्रक को जब्त कर लिया गया है, उसका चालक घटनास्थल से फरार हो गया. चालक और ट्रक के मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है.”