सारस न्यूज़ टीम, सारस न्यूज़।
बिहार के गोपालगंज से मंगलवार की सुबह-सुबह बड़ी आपराधिक घटना को बदमाशों ने दिया अंजाम। यहां थावे प्रखंड की धतिवना पंचायत के नवनिर्वाचित मुखिया सुखल मुसहर की हत्या गोली मारकर कर दी गई है। बाइक सवार दो बदमाशों ने सुखल मुसहर द्वारा अपने घर का मेन गेट खोलते वक्त फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए गोपालगंज पुलिस की कई टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।
मिली जानकारी के अनुसार थावे थाना क्षेत्र के मठ गौतम गांव के सुखल मुसहर धतिवना गांव के प्रकाश सिंह के यहां रहते थे। रोज की तरह मंगलवार की सुबह वह मवेशियों को चारा खिलाने के बाद मेन गेट खोल रहे थे कि एक बाइक पर सवार दो बदमाश वहां पहुंचे। बदमाशों ने उन्हें गोली मारी और वहां से फरार हो गए। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से इलाज के लिए उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को घटनास्थल से एक खोखा मिला है।
एसडीपीओ ने आशंका जताई कि सुखल मुसहर की हत्या चुनावी रंजिश का नतीजा हो सकती है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।