सारस न्यूज एजेंसी, पटना।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी मंगलवार को बिहार में 15 राष्ट्रीय उच्च मार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं की समेकित लागत 13,585 करोड़ रुपये है। जिन परियोजनाओं का उद्घाटन होना है, उनमें सबसे महत्वपूर्ण उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार के बीच लाइफलाइन गांधी सेतु की दूसरे लेन (डाउन स्ट्रीम) शामिल है। कुल छह किमी लंबाई में इसके सुपर स्ट्रक्चर रिप्लेसमेंट प्रोजेक्ट पर 1742 करोड़ रुपये का खर्च आया है। पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन व विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने इसकी जानकारी दी।
पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने बताया कि जिस एक अन्य परियोजना का लोकार्पण होना है, उसमें छपरा से गोपालगंज के बीच दो लेन में विकसित 94 किमी सड़क भी है। इसकी लागत 1150 करोड़ रुपये है। इसके निर्माण से सारण प्रमंडल से गोरखपुर, देवरिया, बलिया, गाजीपुर के साथ-साथ वाराणसी की संपर्कता मिलेगी।
इन परियोजनाओं का होगा शिलान्यास:-
1. मुंगेर-भागलपुर-मिर्जाचौकी फोर लेन ग्रीन फील्ड। इस सड़क की लंबाई 124 किमी और लागत 5788 करोड़ रुपये है।
2. औरंगाबाद से चोरदाहा (झारखंंड सीमा) छह लेन सड़क परियोजना। यह सड़क 70 किमी लंबी और इसकी लागत 1508 करोड़ है।
3. बेगूसराय शहर में चार लेन एलिवेटेड फ्लाईओवर। इसकी लंबाई चार किमी और लागत 256 करोड़ है।
3. कायम नगर से आरा शहर तक चार लेन सड़क। इसकी लंबाई नौ किमी और लागत 98 करोड़ है।
4. जयनगर बाईपास पर दो लेन अप्रोच रोड के साथ आरओबी। इसकी लंबाई एक किमी और लागत 70 करोड़ है।
5. उमगांव से भेजा तक दो लेन सड़क, इसकी लंबाई 89 किमी और लागत 1614 करोड़ है।
6. पुरानी मुंगेर-मिर्जाचौकी सड़क। इसकी लंबाई 108 किमी और लागत 1044 करोड़ है।
7. गोपालगंज शहर में चार लेन एलिवेटेड फ्लाईओवर। इसकी लंबाई तीन किमी और लागत 185 करोड़ है।
8. एम्स पटना से नौबतपुर के बीच अतिरिक्त दो लेन सड़क। इसकी लंबाई 11 किमी और लागत 88 करोड़ रुपये है।
