सारस न्यूज़ टीम, सारस न्यूज़।
बिहार के नवादा में इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला को डायन बताकर लोगों ने जिंदा जला दिया जिसके कारण महिला की मौत हो गई।
घटना नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र के जंगली-पहाड़ी इलाके के एक गांव की है। यहां गुरुवार की शाम महिला को पेट्रोल छिड़कर जिंदा जला दिया गया। इसके बाद महिला जान बचाने के लिए गांव के पास के एक तालाब में कूद गई। इसके बावजूद उसकी जान नहीं बच पाई और उसकी मौत हो गई। घटना के बारे में बताया जा रहा है कि गोरियाडीह गांव के गौतम सिंह नाम के एक युवक की पत्नी बीमार हो गई थी। इसके लिए गांव की ही एक महिला को डायन बताकर उसे बीमारी के लिए जिम्मेदार ठहराया गया।
इसके बाद गोरियाडीह गांव के ही कुछ लोगों ने महिला को पेट्रोल छिड़ककर जिंदा आग के हवाले कर दिया। जिसके बाद महिला अपनी जान बचाने के लिए तालाब में कूद गई, और उसकी मौत हो गई। इसके बाद इस घटना की सूचना महिला की बहन और बहनोई ने पुलिस को दी है। जिसके बाद रजौली थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई है। और घटना की जाँच में जुट गई है।