सारस न्यूज टीम, पटना
बिहार में ईद पूरे उत्साह के साथ मनाई जा रही है। पटना के गांधी मैदान में नमाज के लिए प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किया गया है। यहां आपको त्योहार से जुड़ा हर अपडेट और तस्वीरें देखने को मिल सकेंगी।
ईद-उल-फित्र का त्योहार आज पटना सहित पूरे बिहार में उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। पिछले दो साल कोविड गाइडलाइन के सख्त प्रतिबंधों और संक्रमण के खौफ के कारण इस पर्व का उत्साह थोड़ा कम रहा था। इस बार पटना के गांधी मैदान, सहित तमाम मस्जिदों और ईदगाहों में रौनक देखते ही बन रही है। कई और स्थलों पर भी ईद की नमाज के लिए विशेष इंतजाम किया है। पटना पटना जंक्शन स्थित मस्जिद में भी काफी चहल-पहल दिखी।
गांधी मैदान में अदा की जाएगी ईद की नमाज
पटना में ईद का त्योहार काफी हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। दो साल बाद शहर के नमाजी गांधी मैदान में एक साथ इकट्ठा होकर नमाज अदा करने पहुंचे। नमाजियों की लिए व्यवस्था में कोई चूक न हो इसके लिए जिलाधिकारी डा. चंद्रशेखर सिंह एसएसपी मानवजीत सिंह ढिल्लों ने एक दिन पहले ही गांधी मैदान का निरीक्षण किया था।

जिलाधिकारी ने बताया कि प्रशासन नमाजियों की हर सुविधा का ख्याल रखने के लिए प्रतिबद्ध है। गांधी मैदान में नमाजियों का आगमन गेट नंबर पांच, सात एवं 10 से हुआ। वाहन लेकर आने वाले नमाजियों के वाहनों का प्रवेश गेट नंबर पांच एवं सात से हुआ। इन वाहनों की पार्किंग गेट नंबर पांच एवं सात के बीच बैरिकेडिंग से की गई।
गांधी मैदान में यातायात पुलिस अधीक्षक की निगरानी में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। ईद के मौके पर शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 261 स्थानों पर दंडाधिकारियों के साथ भारी संख्या में पुलिस अधिकारियों व जवानों की तैनाती की गई है।
