सारस न्यूज टीम, पटना।
बिहार में राज्य सरकार द्वारा नक्सलियों से निबटने के लिए राज्य के प्रभावित एक दर्जन जिलों में 28 नक्सल थाने बनाए जा रहे हैं। इसमें 14 नक्सल थाने बनकर तैयार हो गए हैं। जबकि अन्य 14 थानों का निर्माण अंतिम चरण में है। ये सभी थाने नक्सल प्रभावित जिलों में हैं। पुलिस मुख्यालय स्तर से संबंधित जिलों को नक्सल थानों में पुलिस बल की तैनाती कर जल्द कार्यरत करने का निर्देश दिया गया है।
सबसे अधिक आधा दर्जन नक्सल थाने बांका जिले में बनाए जाने हैं। जिनमें एक का निर्माण हो गया है। जबकि पांच का निर्माण जारी है। इसके बाद गया में चार नक्सल थाने बनने हैं। जिनमें तीन का निर्माण हो चुका है और एक का निर्माण जारी है। औरंगाबाद में तीन नक्सल थाने स्वीकृत थे और तीनों का ही निर्माण हो चुका है। मुंगेर जिले में तीन में से एक थाना बना है। जमुई में स्वीकृत तीनों नक्सल थानों का निर्माण जारी है। इसी तरह नवादा में दोनों नक्सल थाने बन गए हैं तो जहानाबाद में एक का निर्माण हुआ है और एक का निर्माण जारी है। इसके अलावा रोहतास, अरवल और बगहा में एक-एक नक्सल थाने स्वीकृत थे। जिनका निर्माण हो चुका है। कैमूर और लखीसराय में भी एक-एक नक्सल थानों का निर्माण जारी है।
इस संबंध में बिहार के एडीजी (आधुनिकीकरण) कमल किशोर सिंह बताते हैं कि नक्सली क्षेत्र में 14 नक्सल थानों का निर्माण पूरा कर लिया गया है। संबंधित जिला पुलिस को इन थानों में पुलिस बल की तैनाती कर कामकाज शुरू करने का निर्देश दिया गया है। शेष 14 थानों का निर्माण भी एक-दो माह में पूरा हो जाएगा।