Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

बिहार से पांच सदस्य राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित।

सारस न्यूज टीम, पटना।

बिहार से राज्यसभा के लिए शुक्रवार को पांच सदस्यों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया। नाम वापसी की समय सीमा समाप्त होने के बाद भारत निर्वाचन आयोग के निर्वाची अधिकारी व विधानसभा के सचिव शैलेेंद्र सिंह ने उन्हें प्रमाणपत्र सौंप दिया। भाजपा के सतीश चंद्र दुबे और शंभू शरण पटेल, राजद की मीसा भारती और फैयाज अहमद के अलावा जदयू से खीरू महतो निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। पांच सीटों के लिए पांच ही प्रत्याशी होने के कारण मतदान की नौबत नहीं आई। भाजपा के सतीश चंद्र दुबे और राजद की मीसा भारती लगातार दूसरी बार निर्वाचित हुए हैं। वहीं, तीन प्रत्याशी शंभू शरण पटेल, फैयाज और खीरू महतो पहली बार राज्यसभा गए हैं। खीरू महतो के साथ अहम यह है कि जदयू ने पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह की जगह राज्यसभा भेजने का निर्णय किया। इसी तरह भाजपा ने भी पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता गोपाल नारायण सिंह का टिकट काटकर शंभू शरण पटेल को राज्यसभा भेजा है। वहीं, राजद ने अपने माई समीकरण के प्रतिबद्धता को दुहराया है। राजद की मीसा भारती के साथ प्रमाणपत्र लेने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और पूर्व मंत्री तेजप्रताप यादव के अलावा राजद के राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव भी मौजूद थे।

बता दें कि लालू प्रसाद यादव के राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने इस बार मीसा भारती और फैयाज अहमद को टिकट दिया था। लालू की बड़ी बेटी मीसा दूसरी बार राज्यसभा सदस्य बनी हैं। वहीं बिस्फी के पूर्व विधायक फैयाज अहमद पहली बार राज्यसभा पहुंचे हैं। जदयू ने केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह का पत्ता काटते हुए झारखंड में पार्टी अध्यक्ष खीरू महतो को टिकट दिया था। वहीं भाजपा ने सतीश चंद्र दुबे और शंभू शरण पटेल पर भरोसा जताया था। इसमें सतीश चंद्र दुबे दूसरी बार सांसद बने हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


The reCAPTCHA verification period has expired. Please reload the page.

error: Content is protected !!