सारस न्यूज़ टीम, सारस न्यूज़।
पुलिस अधीक्षक डॉ• कुमार आशीष, भा•पु•से• के द्वारा शराब के प्रति ज़ीरो टॉलरेंस एवं शराबबंदी के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जिले के शराब कांडों में दूसरे राज्यों के दुर्दांत कारोबारियों की गिरफ्तारी हेतु एक योजनाबद्ध रूप से अभियान शुरू किया गया है। इस श्रृंखला में पिपरा थाना के शराब के लंबित कांडों में राज्य से बाहर वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चकिया संजय कुमार के नेतृत्व में
- पुलिस अवर निरीक्षक जितेंद्र कुमार
- पुलिस अवर निरीक्षक मुकेश कुमार विशेष अनुसंधान दल मद्यनिषेध कोषांग
- सुनील कुमार थानाध्यक्ष पिपरा
- पुलिस अवर निरीक्षक मनीष कुमार तकनीकी शाखा
- सिपाही नित्यानंद दुबे तकनीकी शाखा
के साथ एक टीम गठित किया गया। पुलिस अधीक्षक के आदेश के आलोक में विशेष अनुसंधान दल के पदाधिकारी जितेंद्र कुमार एवं मुकेश कुमार को गठित टीम के साथ हरियाणा भेजा गया।
पिपरा थाना कांड संख्या 202/2021 दिनांक 21.07.2021 (विदेशी शराब 4,400 लीटर की जब्ती) के नामजद अभियुक्त सोमबीर पिता रुधिर ग्राम दिनोद थाना सदर भिवानी जिला भिवानी हरियाणा को भिवानी से दिनांक 03.03.2022 को गिरफ्तार किया गया। साथ ही, पिपरा थाना कांड संख्या 230/2021 दिनांक 29.01.2021 (विदेशी शराब 2,250 लीटर की जब्ती) के नामजद अभियुक्त नरेश कुमार पिता कपूर सिंह वार्ड संख्या 17 राम सिंह कॉलोनी थाना सिटी हासी जिला हिसार हरियाणा को हिसार से दिनांक 03.03.2022 को गिरफ्तार किया गया। इन्हें हरियाणा की सक्षम अदालत से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर मोतिहारी लाया गया है।
इन अभियुक्तों की संलिप्तता मुजफ्फरपुर जिला के कांटी थाना कांड संख्या 750/2020, समस्तीपुर जिला के वारिसनगर थाना कांड संख्या 287/2020, पश्चिम चंपारण के मझौलिया थाना कांड संख्या 654/2021 के साथ ही मुजफ्फरपुर जिला के पानापुर थाना के कांड में है। ये सभी अभियुक्त रोहतक एवं भिवानी से शराब की भारी मात्रा की अवैध खेप को ट्रक पर लोड कर बिहार के विभिन्न शहरों में भेजा करते थे। इनके द्वारा बताए गए अन्य सहयोगियों की तलाश में छापामारी प्रक्रियाधीन है।
मद्यनिषेध के बिहार में प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अन्य राज्य के अभियुक्तों की गिरफ्तारी की पहल करते हुए सफलतापूर्वक अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में मोतिहारी जिला बिहार के गिने-चुने जिलों की श्रेणी में है। आने वाले समय में बाहरी राज्यों से जिले के अपराध में संलिप्त अभियुक्तों की गिरफ्तारी की और भी कार्रवाई सफलतापूर्वक की जाएगी।