Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

रमजान का चांद दिखा, रविवार से रोजा शुरू।

सारस न्यूज टीम, सारस न्यूज।

इस्लामिक कैलेंडर का नौवां महीना रमजान की शुरुआत हो चुकी है। रविवार से लोग रमजान का रोजा रखेंगे। बिहार की राजधानी पटना में फुलवारीशरीफ स्थित खानकाह मुजीबिया के प्रशासक हजरत मिनहाजुद्दीन कादरी ने बताया कि रमजान मुबारक माह का चांद शनिवार को लखनऊ, हैदराबाद सहित भारतवर्ष के कई हिस्सों में देखा गया है। उन्‍होंने कहा कि चांद देखे जाने के साथ ही रमजान माह की शुरुआत हो गई है। रविवार को रमजान का पहला रोजा रखा जाएगा। बिहार, झारखंड और ओडिशा के मुसलमानों की बड़ी संस्‍था पटना स्थित इमारत-ए-शरिया ने भी चांद देखे जाने की बात कही है।

पटना की सभी मस्जिदों एवं कई सार्वजनिक जगहों पर तरावीह की विशेष नमाज अदा करने के लिए तैयारियां की गई थीं। सभी जगह की प्रबंधक कमेटी का कहना है कि चांद नजर आने की खबर के साथ ही उसी रात एशा की नमाज के बाद तरावीह की नमाज होती है। इस नमाज में कुरानशरीफ कंठस्थ करने वाले हाफिज कुरान का पाठ सुनाते हैं। उनके पीछे खड़े होकर लोग पाठ को सुनते हैं।

इधर, पटना की सभी जामा मस्जिदों में आलिमों ने अपनी तकरीर में रोजा और इबादत पर विस्तार से तकरीर करते हुए कहा कि रमजान का रोजा ही एक ऐसी इबादत है जिसका बदला अल्लाह ने खुद देने का वादा किया है। एक रोजेदार अल्लाह के आदेश से निर्धारित समय में खाना-पीना छोड़ता है। वो चाहे तो लुकछिप कर खा-पी लें, लेकिन अल्लाह के आदेश को मानते हुए वो ऐसा नहीं करता है। रमजान शुरू होने को लेकर बाजारों में चहल-पहल शुरू हो गयी है। गौरतलब है कि अभी तक कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते त्योहारों को सार्वजनिक तरीके से मनाने की छूट नहीं थी। दो साल के बाद पहली बार कोरोना लहर का प्रभाव कम हुआ तो त्योहारों और धार्मिक आयोजनों में भी इसकी झलक दिखने लगी है। रमजान का महीने को लेकर मुस्लिमों में भी खासी उत्साह है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!