Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

सीएम नीतीश कुमार ने पूर्णिया में इथेनाल प्लांट का किया उद्घाटन

सारस न्यूज़ टीम, सारस न्यूज़।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को देश के प्रथम ग्रेन वेस्ड इथेनाल संयंत्र का उद्घाटन पूर्णिया जिले के केनगर प्रखंड के गणेशपुर में किया। यह इथेनाल प्लांट सीमांचल के किसानों के लिए बड़ा तोहफा माना जा रहा है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में इथेनाल प्लांट लगाने के लिए सन 2007 से ही प्रयासरत थी। राज्य सरकार ने इस संदर्भ का प्रस्ताव बनाकर केंद्र को भेजा था। केंद्र की तत्कालीन सरकार ने इसे मंजूरी नहीं दी। इधर सन 2019 में वर्तमान केंद्र सरकार ने इसकी मंजूरी दी और फिर प्रदेश में इथेनाल प्लांट लगने शुरु हो गए। पूर्णिया में इसका उद्घाटन हो चुका है और जल्द ही कई अन्य जिलों में यह जल्द चालू हो जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मक्का व धान उत्पादक किसानों के लिए निश्चित रुप से बड़ा तोहफा है और इसका लाभ भी किसानों को मिलेगा। किसानों के समक्ष अपने उत्पाद बाहर भेजने की बाध्यता नहीं रहेगी। इसके अलावा रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि इथेनाल बेहद उपयोगी कैमिकल है। इसका उपयोग पेट्रोल व डीजल में मिश्रण के रुप में किया जाएगा। इससे निश्चित रुप से कम पेट्रोल व डीजल प्रदेश में मंगाने होंगे। इसमें बीस फीसदी तक की कटौती होगी और इस पैसे से प्रदेश में विकास के अन्य कार्य होंगे। इससे पूर्व निर्धारित समय से लगभग 15 मिनट विलंब से मुख्यमंत्री परोरा मध्य विद्यालय मैदान में बने हेलीपैड पर पहुंचे। वहां प्रशासनिक अधिकारियों व पार्टी नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। वहां से वे सीधे इथेनाल प्लांट पहुंचे, जहां निदेशक व प्रबंधन के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

यहां उन्होंने प्लांट का उद्घाटन किया और फिर कंपनी के अधिकारियों के साथ पूरे प्लांट का मुआयना किया। इस दौरान उन्होंने प्लांट में उत्पादन के तौर तरीकों की जानकारी ली। बाद में उन्होंने प्लांट परिसर में पौधारोपण भी किया।बता दें इस्टर्न इंउिया बायोफ्यूएल्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा यह प्लांट लगाया गया है। इस प्लांट से नित्य 65 हजार लीटर इथेनाल का उत्पादन होना है। इस दौरान उनके साथ उद्योग मंत्री शहनवाज हुसैन, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की मंत्री लेशी सिंह, सांसद संतोष कुशवाहा, सदर विधायक विजय खेमका व अन्य प्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद थे।

मुजफ्फरपुर, आरा और गोपालगंज में भी जल्द चालू होंगे इथेनाल प्लांट।
मुख्यमंत्री के साथ पूर्णिया पहुंचे उद्योग मंत्री शहनवाज हुसैन ने कहा कि बिहार में अब उद्योग का जाल बिछने जा रहा है। पूर्णिया का यह इथेनाल प्लांट पूरे देश का पहला ग्रेन वेस्ड प्लांट है। यह बिहार का इकलौता प्लांट नहीं है। जल्द ही सूबे के मुजफ्फरपुर, आरा व गोपालगंज में भी ऐसे प्लांट चालू हो जाएंगे। इसके अलावा कई अन्य जिलों में ऐसे प्लांट लगने हैं, जिनकी प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इसके अलावा टैक्स टाइल की फैक्ट्री भी बिहार में लगने जा रही है। यह विपक्षियों के लिए एक बड़ा आइना है, जो लगातार बिहार में सूई की भी फैक्ट्री नहीं लग पाने की राग अलाप रहे थे। उन्होंने कहा कि पूर्णिया का इथेनाल प्लांट कोसी व सीमांचल के मक्का व धान उत्पादक किसानों के लिए सरकार का बड़ा तोहफा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!