सारस न्यूज़ टीम, सारस न्यूज़।
बिहारवासी अब फिर से अपनी शिकायतें और सुझाव लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से सीधे रूबरू हो सकेंगे। पटना में जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम फिर से प्रारंभ होगा। अप्रैल माह के दूसरे सोमवार से दोबारा यह आयोजन शुरु होगा। इस कार्यक्रम में प्रवेश उन लोगों को ही मिलेगा, जिन्होंने कोविड के टीके लिए हुए हो। मंत्रिमंडल सचिवालय ने जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम वापस शुरू होने के संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। साथ ही सभी जिलाधिकारियों को सरकार के फैसले से अवगत करा दिया है। मुख्यमंत्री से मिलने के लिए पहले से रजिस्ट्रेशन कराना जरूरी है। इसके बाद मुख्यमंत्री सचिवालय की ओर से समय और तारीख का निर्धारण किया जाता है।
कोविड की लहर के दौरान जनता के दरबार मेंं मुख्यमंत्री कार्यक्रम को स्थगित किया गया था। कोविड का प्रकोप कम होने के बाद 12 जुलाई 2021 से उसे वापस शुरू किया गया, लेकिन कोविड की तीसरी लहर में वापस कार्यक्रम पर रोक लग गई थी। इस वर्ष आठ फरवरी को एक बार फिर जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम शुरू हुआ। विधानमंडल का बजट सत्र होने की वजह से कार्यक्रम नहीं हो रहा था। अब वापस अप्रैल से यह आयोजन प्रारंभ होगा। विभाग के अनुसार इस महीने 11 अप्रैल और 18 अप्रैल को जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम होगा। जनता दरबार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने के लिए वेब पोर्टल के जरिए रजिस्ट्रेशन कराया जाता है। इस वेब पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन के लिए आधार नंबर, जन्म तिथि और मोबाइल नंबर रहना जरूरी है। इसके अलावा रजिस्ट्रेशन के वक्त नाम, पता और शिकायत का विवरण भी देना होता है। रजिस्ट्रेशन प्रोसेस पूरा होने एक यूनिक नंबर दिया जाता है, जिसके जरिए आवेदन की स्थिति की जांच की जाती हैं।