सारस न्यूज़, वेब डेस्क।
अक्सर हम शॉपिंग या किसी भी सेवा के बाद प्रिंटेड बिल्स को बिना सोचे-समझे नंगे हाथों से उठा लेते हैं, लेकिन क्या आपको पता है कि ऐसा करने से गंभीर स्वास्थ्य खतरे हो सकते हैं? विशेषज्ञों के अनुसार, प्रिंटेड बिल्स में मौजूद एक खतरनाक केमिकल ‘बिसफीनॉल-ए’ (BPA) हमारी सेहत को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है।
क्या है BPA और प्रिंटेड बिल्स से इसका संबंध?
मुंबई के वॉकहार्ट हॉस्पिटल के डॉक्टर अनिकेत मुले और अमेरिकी डॉक्टर तानिया एलियट के मुताबिक, प्रिंटेड बिल्स में BPA (बिसफीनॉल-ए) जैसे हानिकारक केमिकल्स होते हैं। BPA थर्मल पेपर में इस्तेमाल किया जाने वाला एक केमिकल है, जो बिल्स के प्रिंटेड टेक्स्ट को स्पष्ट बनाए रखने में मदद करता है। जब हम इन बिल्स को नंगे हाथों से छूते हैं, तो BPA हमारे शरीर में आसानी से अवशोषित हो सकता है और यह खून में मिलकर हमारे स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर डाल सकता है।
BPA के 3 प्रमुख स्वास्थ्य खतरे
- फर्टिलिटी पर असर: BPA हमारे शरीर के हार्मोनल सिस्टम को प्रभावित करता है। विशेषज्ञों के अनुसार, यह केमिकल पुरुषों और महिलाओं दोनों की प्रजनन क्षमता (fertility) को नुकसान पहुंचा सकता है। इससे न केवल गर्भधारण की संभावनाओं में कमी आ सकती है, बल्कि भविष्य में प्रजनन संबंधी समस्याएं भी हो सकती हैं।
- हॉर्मोन असंतुलन: BPA एक इंडोक्राइन डिसरप्टर है, जिसका मतलब है कि यह शरीर में हॉर्मोन्स की सामान्य गतिविधियों में बाधा डाल सकता है। हॉर्मोनल असंतुलन से शारीरिक और मानसिक समस्याएं जैसे थकान, मूड स्विंग्स, वजन में बढ़ोतरी या कमी, और दूसरी हॉर्मोनल डिसऑर्डर्स पैदा हो सकते हैं।
- कैंसर का खतरा: डॉक्टरों के मुताबिक, BPA केमिकल कुछ प्रकार के कैंसर के खतरे को बढ़ा सकता है, खासतौर पर स्तन और प्रोस्टेट कैंसर का। लंबे समय तक BPA के संपर्क में रहने से शरीर में कोशिकाओं की असामान्य वृद्धि हो सकती है, जिससे कैंसर जैसी गंभीर बीमारियां हो सकती हैं।
सुरक्षा के उपाय
चूंकि BPA से पूरी तरह से बचना कठिन हो सकता है, लेकिन आप कुछ सावधानियों से इसके प्रभाव को कम कर सकते हैं:
- प्रिंटेड बिल्स को छूने के लिए दस्तानों का इस्तेमाल करें।
- प्रिंटेड बिल्स को जल्दी से फेंक दें और इन्हें घर पर न रखें।
- हाथ धोना न भूलें, खासकर बिल्स को छूने के बाद।
इसलिए अगली बार जब आप कोई प्रिंटेड बिल उठाएं, तो ध्यान रखें कि यह आपकी सेहत के लिए खतरनाक हो सकता है। सावधानी से इसे छूएं और अपने स्वास्थ्य को सुरक्षित रखें।