सारस न्यूज़ टीम, सारस न्यूज़।
डायरेक्टरेट ऑफ इंटेलिजेंस रिवेन्यू (डीआरआइ) की सिलीगुड़ी टीम ने न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन पर राजधानी एक्सप्रेस से सोने के चार बिस्कुट जब्त किए हैं। इनका वजन 1.991 किलो ग्राम है। बाज़ार में इसकी अनुमानित कीमत 01 करोड़ 65 लाख रुपए आंकी गई है। मामले में मुंबई के आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपित का नाम दिलीपी माने (उम्र 28 वर्ष) है। वह मुंबई के सांगली का निवासी बताया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपित भारत – म्यांमार सीमा के मणिपुर स्थित सीमा क्षेत्र से इसे ला रहा था। गुवाहाटी से वह दिल्ली जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस में सवार हुआ था। सोमवार को राजधानी एक्सप्रेस जब एनजेपी स्टेशन पर पहुंची तो पहले से यहां तैनात डीआरआई की टीम ने कोच नंबर बी-3 से आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके ट्रॉली के हैंडल में बने विशेष तहखाने से सोने के बिस्कुट बरामद किए गए। आरोपी इस संबंध में कोई वैध कागजात नहीं पेश कर सका। मंगलवार को आरोपी को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
डीआरआई पक्ष के वकील त्रिदीप साहा ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि जब्त सोने का बिस्कुट विदेशी है। इंडो-म्यांमार बॉर्डर से उसे भारत में लाया जा रहा था। इसे राजधानी एक्सप्रेस के जरिए कानपुर ले जाने की योजना थी। इससे पहले ही डीआरआई की टीम ने आरोपी को धर दबोचा। आरोपी इस संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज नहीं पेश कर सका।