Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

राष्ट्रीय विधिक जागरूकता प्रदर्शनी में मिली कानून की जानकारी

Nov 13, 2021

बीरबल महतो, सारस न्यूज़, किशनगंज।

आजादी के अमृत महोत्सव के ऑल इंडिया कार्यक्रम में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार और बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने शुक्रवार को व्यवहार न्यायालय परिसर में विधिक जागरूकता प्रदर्शनी लगाई। ये बातें शुक्रवार को जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार मनोज कुमार (वन) ने कहीं।
उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शनी का उद्देश्य लोगों को विधि के संदर्भ में जागरूक करने के साथ विधिक सभ्यता के लिए प्रयास करना है। इसके माध्यम से लोगों को कई प्रकार की कानूनी जानकारी दी गई। इसके अंतर्गत कल्याणकारी योजनाओं, मध्यस्थता, राष्ट्रीय लोक अदालत और जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा प्रदान की जा रही सेवाओं के बारे में विस्तार से चर्चा हुई। प्रदर्शनी में बताया गया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से लोग अपनी समस्याओं से निजात पा सकते हैं। साथ ही कानून की जानकारी एवं सहायता के लिए नि:शुल्क अधिवक्ता प्राप्त कर सकते हैं।
अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार रजनीश रंजन ने कहा कि इस प्रदर्शनी में विधिक जागरूकता के माध्यम से दर्शाया गया कि मिथ्या मुकदमा न करें और न ही तथ्यों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करें। आगामी 11 दिसंबर को होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई। प्रदर्शनी में कई काउंटर बनाए गए। इन काउंटरों पर राष्ट्रीय लोक अदालत सहित विधिक जागरूकता से संबंधित पर्चे भी वितरण किए गए। अर्ध विधिक स्वयंसेवक के सदस्य सोना दास, नमिता सिन्हा, मनोज कुमार, नेहा कुमारी, इरशाद आलम, नदीम एवं तराना तहरिम प्रदर्शनी में आने वाले लोगों को विधि संबंधित जानकारी देने के लिए काउंटरों पर मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!