बीरबल महतो सारस न्यूज़, किशनगंज।
आइसीडीएस, किशनगंज द्वारा पोषण की सही जानकारी देने और पोषण के प्रति जागरूक करने के लिए शुक्रवार को आंगनबाड़ी केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म की गई। इसी क्रम में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी कवि प्रिया ने आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 232 और 239 में कोविड गाइडलाइन के अनुरूप सेविका एवं सहायिका द्वारा गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म करवाई। इसमें सात से नौ महीने की गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की गई।
इस दौरान डीपीओ कवि प्रिया ने कहा कि गर्भवती महिलाओं को गर्भधारण के आखिरी महीनों में उन्हें सुपोषित करने और बेहतर पोषण की जरूरत पर जानकारी देने के साथ उपहार के रूप में पोषण की पोटली दी गई। इनमें गुड़, चना, हरी पत्तेदार सब्जियां, आयरन की गोली, पोषाहार व फल आदि शामिल थे। महिलाओं को उपहार स्वरूप पोषण की थाली भेंट की गई। इस थाली में सतरंगी व अनेक प्रकार के पौष्टिक भोज्य पदार्थ शामिल थे। गर्भवती महिलाओं को चुनरी ओढ़ाकर और टीका लगाया गया। उन्होंने कहा कि गर्भावस्था के आखिरी दिनों में बेहतर पोषण की अधिक जरूरत होती है। बेहतर पोषण के अभाव में महिलाओं में खून की कमी हो जाती है। इससे प्रसव के दौरान जटिलताएं बढ़ सकती है। बेहतर पोषण एक स्वस्थ बच्चे के जन्म में सहायक होने के साथ गर्भवती महिलाओं में मातृ मृत्यु दर में कमी भी लाता है। इस दौरान गोदभराई कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं व शिशु को पड़ने वाले टीकाकरण की महत्ता पर भी चर्चा की गई।