Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

किशनगंज थाने का एटीएस के डीआइजी ने किया निरीक्षण

Apr 21, 2022 #किशनगंज

सारस न्यूज़ टीम, सारस न्यूज़।

गुरुवार को आतंकवाद विरोधी दस्ता (एंटी ट्रेररिजम स्क्वायड) के डीआइजी दिलीप कुमार मिश्रा किशनगंज पहुंचे। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर सदर थाने किशनगंज का निरीक्षण कर पुलिस पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। सदर थाना पहुंचते ही जवानों ने डीआइजी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद डीआइजी ने थाने का निरीक्षण किया। उनके साथ एसपी डा. इनामुल हक मेंगनु भी मौजूद थे। डीआइजी ने सदर थाने में पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। बैठक में विभिन्न गंभीर मामलों से संबंधित कांडों की समीक्षा की गई। दर्ज कांडों के वर्तमान स्थिति की जानकारी ली गई है। अब तक दर्ज हुए कांडो में कितने कांडो में न्यायालय में आरोप पत्र समर्पित किया गया। यह भी समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान अब तक दर्ज हुए कांडो के निष्पादन की स्थिति की जानकारी ली गई। जितने भी लंबित कांड है, उसके शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया। वैज्ञानिक तरीके के अनुसंधान पर विशेष जोड़ देने का निर्देश दिया।

इसके अलावे सीसीटीएनएस प्रोजेक्ट के अद्यतन स्थिति की भी जानकारी डीआइजी ने पुलिस पदाधिकारी से ली। वहीं विशेष रूप से शराबबंदी को कारगर बनाए जाने को लेकर पुलिस के द्वारा जिले में अब तक क्या क्या प्रयास किये गए और आगे भी क्या प्रयास किए जा रहे हैं, इसकी भी जानकारी ली गई। डीआइजी ने पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शराबबंदी कानून को प्राथमिकता से लेते हुए शराब पीने वालों व शराब की तस्करी करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करें। बंगाल सीमा समीप होने के कारण विशेष रूप से चौकसी बरती जानी है।

डीआइजी ने यह भी जाना कि जिले में एएलटीएफ की कितनी टीमें कार्यरत हैं। टीम के द्वारा अब तक क्या क्या कार्रवाई की गई। अब तक जब्त हुए शराब के बारे में भी जानकारी ली गई। डीआइजी दिलीप कुमार मिश्रा ने कहा कि मुख्यालय के निर्देश के आलोक में विभिन्न थानों के औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं। इसमें थानों की अद्यतन स्थिति, कांडो के निष्पादन की स्थिति, शराबबंदी के मामले में कार्रवाई की स्थिति आदि का निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान एसडीपीओ अनवर जावेद अंसारी, डीएसपी मुख्यालय अजीत प्रताप सिंह चौहान, सर्किल इंस्पेक्टर श्याम किशोर यादव, सदर थानाध्यक्ष अमर प्रसाद सिंह, इंस्पेक्टर सतीश कुमार हिमांशू सहित अन्य कई पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!