बीरबल महतो, सारस न्यूज़, किशनगंज।
गुरुवार को प्रकाश पर्व पर किशनगंज में सिख समुदाय के श्रद्धालुओं द्वारा गुरु नानक देव की जयंती पर शोभा यात्रा सह भव्य नगर कीर्तन यात्रा निकाली गई। सबसे आगे पंच प्यारे नगर कीर्तन की अगुवाई कर रहे थे। इस क्रम में गुरुद्वारा के सेवादार द्वारा संगत को गुरु नानक देव के बताए रास्ते पर चलने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव ने समाज में फैली बुराइयों और कुरीतियों को दूर करने के लिए पारिवारिक जीवन और सुख-सुविधा का त्याग करते समाज को एक नई दिशा दी। कथावाचक सह प्रचारक और पटना साहिब से आए कीर्तन जत्था के सदस्यों द्वारा विभिन्न चौक-चौराहों पर गुरुनानक देव द्वारा दिए गए उपदेश लोगों तक पहुंचाए गए। उन्होंने बताया कि गुरुनानक देव का लगाव बचपन से ही धार्मिक क्षेत्र में रहा। वे सिख धर्म के संस्थापक होने के साथ सिख धर्म के पहले गुरु भी हैं। गुरुनानक देव ने अपने अनुयायियों को 10 उपदेश दिए। इसके अंतर्गत ईश्वर एक है, सदैव एक ही ईश्वर की उपासना करो, ईश्वर सब जगह और प्राणी मात्र में मौजूद हैं और ईश्वर की भक्ति करने वालों को किसी का भय नही रहता है। किसी भी प्रकार का बुरा कार्य करने के बारे में कभी नही सोचे और किसी को बुरा कार्य करने भी नही दें। साथ ही इंसान को सदैव प्रसन्न रहना चाहिए, ईश्वर से सदा अपने लिए क्षमा मांगे, मेहनत व ईमानदारी की कमाई में से जरूरतमंदों को भी कुछ दान करें, समाज में स्त्री और पुरुष को बराबर का स्थान है। भोजन शरीर को जिदा रखने के लिए जरूरी है। लेकिन लोभ, लालच और संग्रहवृत्ति बुरी आदत के समान है। शोभा यात्रा सह नगर कीर्तन सुबह सात बजे महाबीर मार्ग स्थित गुरुद्वारा से निकलकर धर्मगंज चौक, धर्मगंज बस्ती, केला बागान, सरावगी अतिथि सदन रोड, बाल मंदिर रोड, कैल्टैक्स चौक, बाजार होता हुआ गुरुद्वारा पहुंच कर समाप्त हुआ। गुरुद्वारा कमेटी के अध्यक्ष लक्खा सिंह ने बताया कि शोभा यात्रा के दौरान लोगों को कोरोना से बचाव को लेकर आवश्यक जानकारी भी दिए गए। जिसमें बताया गया कि लोग जब भी घर से बाहर निकले। वे मास्क अवश्य लगाए। कोरोना संक्रमण को देखते हुए शोभा सह भव्य नगर कीर्तन में सरकार द्वारा जारी किए गए गाइडलाइन का पालन किया गया। श्रद्धालुओं ने आपस में सामाजिक दूरी बनाए रखें। इस दौरान मुख्य रूप से गुरुद्वारा कमेटी के उपाध्यक्ष अजीत सिंह, सचिव सूरज सिंह, चरणजीत सिंह, जसपाल सिंह, सुरेन्द्र सिंह, गुरदीप सिंह, मंदीप सिंह, गुरमित सिंह, विक्की, परमजीत सिंह, त्रिलोचन सिंह, अनमेाल सिंह, मनप्रीत सिंह, सानू सिंह, अमरदीप सिंह, हरजीत कौर नीतू, शानिया आजमानी, कोमल कौर और नवनीत कौर सहित कई पुरुष और महिलाएं भी शामिल थे।
