राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।
ज्ञान और विद्या की देवी माँ सरस्वती की आराधना का महापर्व ‘बसंत पंचमी’ शनिवार को पूरे उत्साह और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस शुभ अवसर पर वार्ड नंबर 30 के अंतर्गत आने वाले डुमरिया, नोनिया बस्ती और रोलबाग में पूजा की भव्यता देखते ही बनी। सुबह से ही मंत्रोच्चारण और शंखध्वनि के साथ पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा।
वार्ड नंबर 30 के विभिन्न पूजा पंडालों में माँ सरस्वती की आकर्षक प्रतिमाएँ स्थापित की गईं। डुमरिया, नोनिया बस्ती और रोलबाग के स्थानीय युवकों व श्रद्धालुओं ने हर्षोल्लास के साथ पूजा का आयोजन किया। पंडालों को फूलों और रंगीन लाइटों से बेहद खूबसूरती से सजाया गया, जहाँ सुबह से ही पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
इस खास मौके पर वार्ड संख्या 30 के वार्ड पार्षद प्रतिनिधि राजा सिंह ने क्षेत्र का सघन दौरा किया। उन्होंने डुमरिया, नोनिया बस्ती और रोलबाग स्थित लगभग सभी छोटे-बड़े पूजा पंडालों में पहुँचकर माता रानी का आशीर्वाद लिया और पूजा समितियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान राजा सिंह ने पंडालों की सुरक्षा और व्यवस्था का जायजा लिया, साथ ही आयोजन समितियों के साथ बैठकर क्षेत्र की सुख-शांति की कामना की।
भक्ति के साथ-साथ सेवा भाव का संगम भी देखने को मिला। पार्षद प्रतिनिधि राजा सिंह ने पूजा पंडालों में आयोजित महाप्रसाद (खिचड़ी प्रसाद) को भी ग्रहण किया। उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में एकता और सद्भाव का संदेश देते हैं। माँ सरस्वती हम सभी के जीवन में ज्ञान का प्रकाश भरें। वार्ड नंबर 30 के निवासियों का यह उत्साह देखकर मन प्रसन्न है। शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से त्योहार मनाना हमारे क्षेत्र की पहचान है।
