सारस न्यूज़, गलगलिया, किशनगंज।
गुरुवार को गलगलिया थाना क्षेत्र के कटहलबाड़ी स्थित चेंगा नदी में एक 35 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गयी। शव मिलने की खबर सुनते ही ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना गलगलिया पुलिस को दी। मौके पर पुलिस पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए किशनगंज भेजा। शव की शिनाख्त बंगाल फांसीदोवा थाना क्षेत्र के बारहघरिया निवासी नरेन्दर कुजूर 35 वर्ष के रूप में हुई है। मृतक के चाचा रोहित मिंज ने बताया कि उसका भतीजा बुधवार दिन से ही घर से लापता था। वे लोग छानबीन कर रहे थे कि एक शव के मिलने की सूचना पर जब चेंगा नदी के तट पर पहुंचे। तब शव की पहचान हो सकी। गलगलिया थानाध्यक्ष सरोज कुमार ने बताया कि इस बावत पर कांड दर्ज किया गया है। बताया जाता है कि मृतक बुधवार को अपने घर से निकलकर बंगाल से सटे कुकुरबाघी स्थित कटहलबाड़ी पहुंचा। आशंका जताई जा रही है कि मृतक ने शराब का सेवन किया हुआ था। जिस कारण ये हादसा हुआ। आशंका यह भी जताई जा रही है कि मृतक बुधवार को ही डूबा था। गुरुवार के सुबह उसका शव नदी के ऊपर आया। जिसे राह चलते ग्रामीणों ने देखा और पुलिस को सूचना दी।

