सारस न्यूज़, किशनगंज।
आगामी बिहार विधानसभा आम चुनाव 2025 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले के सभी सात प्रखंडों में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में पोठिया प्रखंड अंतर्गत ब्रूनेई पंचायत में निर्वाचन कार्य की प्रगति का निरीक्षण किया गया। पदाधिकारियों द्वारा फॉर्म वितरण, संकलन एवं नाम जोड़ने की प्रक्रिया की गहन समीक्षा की गई, ताकि पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज हो।
इसके अतिरिक्त रात्रि चौपाल कार्यक्रम के तहत छतरगाछ पंचायत स्थित सैरात स्थल पर एक जागरूकता सभा का आयोजन किया गया, जिसमें आमजन को मतदाता सूची सुधार की प्रक्रिया और विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के महत्व की जानकारी दी गई। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी, पोठिया ने उपस्थित नागरिकों को सूचित किया कि यदि किसी योग्य व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में नहीं जुड़ा है, तो वह निर्धारित प्रपत्र भरकर नाम शामिल करवा सकता है।

जिला पदाधिकारी श्री विशाल राज द्वारा प्रतिदिन सायं 6 बजे विशेष पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा की जा रही है, जिससे कार्य की गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जा सके।
कार्यक्रम के तहत पर्यवेक्षक (सुपरवाइजर) एवं बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) द्वारा घर-घर जाकर फॉर्म वितरण, संकलन एवं मतदाता सूची का संशोधन किया जा रहा है, ताकि कोई भी योग्य मतदाता वंचित न रह जाए।
जिला प्रशासन द्वारा यह भी सूचित किया गया है कि वर्ष 2003 की मतदाता सूची अब भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in/bh_2003_eroll, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, बिहार की वेबसाइट ceoelection.bihar.gov.in एवं सभी जिलों की जिला निर्वाचन पदाधिकारी की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। नागरिक इन प्लेटफार्मों पर जाकर अपने नाम एवं विवरण की पुष्टि कर सकते हैं।
अंत में, जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाएं और सुनिश्चित करें कि उनका नाम, पता, जन्मतिथि एवं अन्य विवरण सही-सही दर्ज हो। यह लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक कदम है।
