शशि रोक्का, सारस न्यूज़, किशनगंज।
किशनगंज कोविड-19 संक्रमण से लोगों को सुरक्षित रखने के लिए सरकार द्वारा मुफ्त टीका लगाया जा रहा है। टीकाकरण की रफ्तार में तेजी लाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा 09 अक्टूबर को टीकाकरण महा-अभियान चलाया गया। जिसमें ज्यादा से ज्यादा लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया था। इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को टीकाकरण महा-अभियान को लेकर जागरूक भी किया गया था। लोगों की सहूलियत के लिए जिले में 245 टीकाकरण केंद्र बनाए गए थे। सभी टीकाकरण केंद्रों की जानकारी स्थानीय स्वास्थ्य कर्मियों तथा अधिकारियों द्वारा स्थानीय लोगों तक पहुँचाई गई जिससे कि सभी लोग टीकाकरण महा-अभियान में भाग ले सकें। सिविल सर्जन डॉ श्री नंदन ने बताया कि जिले में कोविड टीकाकरण महाअभियान में लोगों द्वारा टीकाकरण के प्रति रुचि दिखाई गई। लिहाजा स्वास्थ्य विभाग इस उपलब्धि से बेहद उत्साहित है। अब लोगों को लग रहा कोविड-19 टीका बिल्कुल सुरक्षित है और यह लोगों की प्रतिरोधक क्षमता के विकास में सहायक होता है। इसलिए सभी लोगों को कोविड-19 का टीका लगाना जरूरी है। जिलाधिकारी डॉ आदित्य प्रकाश ने महाअभियान में बढ़-चढ़ कर अपनी भागीदारी निभाने के लिये आम जिलावासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जिले के शत प्रतिशत लोगों का टीकाकरण माह दिसम्बर तक संपन्न कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शुमार है। उपलब्ध रिपोर्ट के अनुसार जिले में अब तक 7 लाख से अधिक लोगो को प्रथम डोज एवं 1.53 लाख लोगो को दूसरा डोज टीका लगाया गया है। तकनीकी इंटरनेट समस्या के कारण बहुत से लोगों के टीकाकरण का विवरण पोर्टल पर दर्ज नहीं हुआ है। सभी टीका लाभार्थी का विवरण पोर्टल पर तीव्र गति से दर्ज कराया जा रहा है। लोगों ने टीका के दूसरे डोज लेने में रुचि दिखाई है। टीकाकरण महा-अभियान में पहला डोज लगा चुके लोगों ने टीका के दूसरे डोज लगाने में विशेष रुचि दिखाई है। लोगों को अब टीका से किसी तरह की समस्या नहीं है, और वह निडर होकर अपना दूसरा डोज लगाने के लिए आगे आ रहे हैं। लोगों का कहना था कि कोविड-19 टीका लगाने से उन्हें किसी तरह की समस्या नहीं होती है बल्कि टीका लगाने के बाद वह संक्रमण से सुरक्षित हो सकते हैं। टीका लगाने के बाद भी लोगों को कोविड-19 से सुरक्षित रहने के लिए आवश्यक उपाय जैसे नियमित मास्क का प्रयोग, सैनिटाइजर का इस्तेमाल, लोगों से सामाजिक दूरी बनाए रखना आदि के लिए जागरूक किया गया। सभी अधिकारियों द्वारा विभिन्न टीकाकरण केंद्रों का निरीक्षण भी किया गया। सिविल सर्जन डॉ श्री नंदन ने बताया की 09 अक्टूबर को आयोजित टीकाकरण महाअभियान में लोग आसानी से अपने घरों के नजदीक टीका लगवा सकें इसलिए जिले में 245 टीकाकरण केंद्र बनाए गए थे। सभी टीकाकरण केंद्रों की जानकारी स्थानीय स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा लोगों तक पहुँचाई गई थी। टीकाकरण में तेजी लाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ ही आईसीडीएस, यूनिसेफ, शिक्षा, केयर इंडिया, जीविका, डब्ल्यूएचओ आदि का सहयोग लिया गया। इतना ही नहीं ग्रामीण स्तर पर त्रि-स्तरीय पंचायती राज प्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित कर लोगों को टीकाकरण के लिए जागरूक किया गया।