सारस न्यूज, ठाकुरगंज।
बुधवार को अहले सुबह नगर क्षेत्र ठाकुरगंज के वार्ड नं एक के ब्लॉक रोड में स्थित अपने घर में संदिग्ध अवस्था में राम सुभाष शर्मा ( उम्र 52 वर्ष) का शव मिलने से पुरे क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गई। घटना की सूचना मिलते ही ठाकुरगंज के प्रभारी थानाध्यक्ष इकबाल अहमद खान व सअनि उमेश प्रसाद ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया। आवश्यक कागजी कार्यवाही के बाद शव का पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल किशनगंज भेजा।
घटना के संबंध में मृतक के स्वजनों ने बताया कि मंगलवार को मृतक राम सुभाष शर्मा अपनी बेटी से मिलने सिलीगुड़ी गए हुए थे। लेकिन उनकी पत्नी ने उन्हें अपनी बेटी से मिलने नही दिया। सिलीगुड़ी से लौटने के बाद मृतक ने सारी आपबीती अपने परिजनो के साथ अपने पड़ोसियों को सुनाई और तभी से वे तनाव में दिख रहे थे। रात्रि का खाना खाकर वे अपने बेटे के साथ सोने चले गए। बुधवार की सुबह उनके पुत्र की आंख खुली तो देखा कि वे उसके बगल में बेसुध पड़े हुए हैं। इसकी सूचना उसने अपने स्वजनों व अपने पड़ोसियों को दी। स्थानीय लोगों ने जाकर देखा तो राम सुभाष शर्मा मृत पड़े हुए थे। उनके मुंह से हल्के खून निकलने के निशान तथा उनका एक हाथ व पैर सिकुड़ा हुआ था।
मृतक के पुत्र रोहित का कहना था कि मां से पिताजी का विवाद रहने के कारण वे हमेशा तनाव में रहते थे। मेरी बहन व भाई की चिंता हमेशा मेरे पिता को सताती रहती थी। मंगलवार को भी सिलीगुड़ी से आने के बाद बहन से भेंट न होने के कारण तनाव में थे। जिसके कारण उनकी मौत हुई हैं।
ठाकुरगंज के प्रभारी थानाध्यक्ष इकबाल अहमद खान ने बताया कि प्रथमदृष्टया आत्महत्या का मामला लग रहा है। पुलिस प्रत्येक बिंदु पर जांच कर रही है। मृतक के अपने पत्नी से तनावपूर्ण संबंध पर पुलिस की जांच होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही अधिकारिक तौर पर कुछ कहा जा सकता है।
