सारस न्यूज, किशनगंज।
शुक्रवार को करीब चार बजे डीएम श्रीकांत शास्त्री ने ठाकुरगंज प्रखंड क्षेत्र का दौरा किया। ठाकुरगंज दौरे क्रम में डीएम श्रीकांत शास्त्री ने खरना गांव के समीप महानंदा पुल का निरीक्षण किया। इसके उपरान्त डीएम का अगला पड़ाव प्रखंड के ग्राम पंचायत छैतल के हसनपुर गांव में स्थित कच्चूदह झील रहा। झील के निरीक्षण के दौरान डीएम श्रीकांत शास्त्री ने झील में मखाना की खेती की जानकारी ली। इसके बाद झील के गाद एवं जलकुंभी की सफाई करने हेतु मौके पर मौजुद उपविकास आयुक्त मनन राम, बीडीओ सुमित कुमार व मनरेगा के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी दीपक कुमार साह को आवश्यक कार्यवाही करने का निर्देश दिया। उन्होंने इस दौरान जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत कच्चूदह झील के सौन्दर्यीकरण कर पर्यटन स्थल के रूप में झील को विकसित करने की बात कही। साथ ही उन्होंने स्थानीय लोगों को आश्वस्त किया कि बहुत जल्द कच्चूदह झील का जीर्णोद्धार के लिए विभागीय कार्यवाही शुरु की जाएगी। उन्होंने मौके पर ही सीओ ओमप्रकाश भगत व बीडीओ सुमित कुमार को कच्चूदह झील का पुर्ण विवरण, झील प्रक्षेत्र का कुल रकवा, नक्शा के साथ अन्य जरुरी कागजात जल्द समाहरणालय में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।इस मौके पर मुखिया मो सलीम संग ग्रामीणों ने डीएम को झील के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि जाड़े के मौसम में बड़ी संख्या में साईबेरियन व अन्य अप्रवासी पक्षियों का जमावाड़ा रहता है। उसके बाद डीएम ने पावर ग्रिड के लिए अधिगृहित भूमि का जायजा लेने के उपरांत पीएचसी ठाकुरगंज का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने पीएचसी में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ आदित्य कुमार झा से ली। पीएचसी के सभी वार्डो के निरीक्षण के बाद उन्होने उपस्थित मरीजों से सरकार द्वारा दी जाने वाली मुफ्त दवा की भी जानकारी ली। जिसमें उन्हें मरीजों से सकारात्मक जवाब मिला।

