बीरबल महतो, सारस न्यूज़, ठाकुरगंज।
पंचायती राज के कार्य से प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ) को अलग कर दिया गया है। त्रिस्तरीय पंचायती राज संस्थाओं से जुड़े जो काम बीडीओ के जिम्मे था, अब वह प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी संभालेंगे व काम को देखेंगे। इस संबंध में राज्य सरकार के द्वारा आदेश जारी किया गया था। आदेश के अनुसार पंचायत समिति के कार्यपालक पदाधिकारी के रूप में बीडीओ की जगह प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी कार्य करेंगे। इस बावत सरकार ने आदेश जारी कर बीडीओ को पंचायत समिति के कार्य से मुक्त कर प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी को ही कार्यपालक पदाधिकारी के रूप में नामित कर दिया गया है। इसी क्रम में प्रखंड ठाकुरगंज में पदास्थापित प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी राजेश कुमार बीडीओ सुमित कुमार से पंचायत समिति के कार्यपालक पदाधिकारी का चार्ज लेंगे। जिसकी प्रशासनिक तैयारी प्रखंड में चल रही है। इस बावत जिला पदाधिकारी किशनगंज ने पंचायती राज विभाग, बिहार, पटना के आदेश ज्ञापांक – 4606/जि.पं., दिनांक :- 21.08.20 21 द्वारा प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी राजेश कुमार को ठाकुरगंज प्रखंड तथा किशनगंज एवं पोठिया प्रखंडों का अतिरिक्त प्रभार देना सुनिश्चित करेंगे।बताया जा रहा है कि सरकार द्वारा किए गए इस बदलाव से पंचायती राज सरकार सशक्त होगी और सरकार के इस निर्णय से अब विकास के कार्यों में तेजी आएगी। वहीं इस संबंध में पंचायत राज पदाधिकारी सह कार्यपालक पदाधिकारी पंचायत समिति ठाकुरगंज राजेश कुमार ने बताया कि जिला पदाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पं.)किशनगंज आदेश ज्ञापांक – 971, दिनांक- 04. 09. 2021 के आलोक में संबंधित प्रखंडों ठाकुरगंज, किशनगंज एवं पोठिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी को प्रभार देने के लिए अनुरोध किया गया है। इस क्रम में मंगलवार को पोठिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी से अतिरिक्त प्रभार ग्रहण कर लिया गया है। ठाकुरगंज एवं किशनगंज प्रखंडों का प्रभार संभवतः अगले दिनों तक मिल जाएगी। उन्होंने बताया कि बिहार पंचायत राज संशोधन अधिनियम 2021 के प्रभावी हो जाने के बाद बिहार पंचायत सेवा के प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी को पंचायत राज पदाधिकारी सह कार्यपालक पदाधिकारी, पंचायत समिति के पद पर पदस्थापित किया गया है।