बीरबल महतो, ठाकुरगंज डॉट कॉम। ठाकुरगंज नगर इकाई के भाजपा कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के पुण्यतिथि को समर्पण दिवस के रूप में मनाया। इस मौके पर डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलीय चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का आरंभ हुआ। नगर के जुबली चौक स्थित भाजपा के जिला उपाध्यक्ष संजय पोद्दार के आवास में आयोजित उक्त कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव गुप्ता ने की। उक्त कार्यक्रम के अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष संजय पोद्दार ने कहा कि डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश को एक सूत्र में बांधने के लिए अपने जीवन का बलिदान दिया। उन्होंने कश्मीर को भारत से अलग करने का विरोध किया। जिस कारण 11 मई 1953 को मुखर्जी को कश्मीर में गिरफ्तार कर लिया गया और 23 जून 1953 को उनकी संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। उन्होंने डॉ श्याम प्रसाद मुखर्जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जम्मू एंड कश्मीर राज्य में डॉ श्याम प्रसाद मुखर्जी ने धारा 370 का प्रखर विरोध कर आंदोलन चलाया।जब कश्मीर का झंडा अलग और अपने देश का झंडा और कानून अलग तैयार हुआ तो डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का पंडित नेहरू से मतभेद हो गया। एक देश में दो विधान, दो निशान नहीं चलेंगे का उन्होंने नारा दिया। वहीं मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के पहले साल में उनका सपना साकार हुआ। जम्मू कश्मीर से धारा 370 का कलंक हटा और राज्य में तीव्र विकास के रास्ते खुले। दो नए केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर और लद्दाख अस्तित्व में आए। वहीं इस दौरान उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्व मुखर्जी के जीवन चरित्र और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण पर प्रकाश डाला और उनके द्वारा बताए गए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में भाजपा पिछड़ा मोर्चा के जिला महामंत्री अनन्त गोस्वामी, नगर मंत्री गोपेश यादव, शंभु कुमार, जनश्रुति कुमार आदि अन्य भाजपा कार्यकर्ता सभी ने पुष्पाजंलि व श्रद्धांजलि अर्पित की।