सारस न्यूज टीम, सारस न्यूज, ठाकुरगंज।
ठाकुरगंज प्रखंड अंतर्गत सुखानी थानाक्षेत्र के भेलागूड़ी में मुन्ना ईंट भट्ठा में रविवार को डक की दीवार गिर जाने से दो मजदूरों की मौत हो गई। इस घटना में एक मजदूर भी घायल हो गया। घटना की खबर आसपास फैलते ही काफी लोगों की भीड़ घटना स्थल पर इकट्ठी हो गई। घटना रविवार की सुबह के सात बजे के करीब की बताई जा रही है। मृतक दोनों मजदूर मजनू शेख एवं जोगेन बर्मन पश्चिम बंगाल के कूचबिहार निवासी बताए जा रहे हैं।घटना की सूचना मिलते ही सुखानी पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में सुखानी थानाध्यक्ष विजय कुमार पासवान ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि भेलागूड़ी के समीप मुन्ना ईंट भट्ठे में उक्त घटना की सूचना पुलिस मिली थी, जिसके उपरांत पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। उन्होंने बताया कि दो मजदूरों की मौत उक्त घटना में हुई है, जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं घटना के बाद मृतकों के आवास पर कोहराम मच गया। मृतकों के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। ईंट भट्ठे के समीप ही बने अस्थायी आवास में दोनों मृतक अपने परिवार के साथ रहते थे। जहां उनके परिजन सहित आपस के लोग भी काफी विलाप कर रहे थे। वहीं मामले के दूसरा पहलू यह भी बताया जा रहा है कि ईंट भट्ठे में सुरक्षा मानकों में लापरवाही बरतने के कारण उक्त घटना घटी। ढ़हने वाली दीवार इतनी कमजोर कैसे हो गई कि दीवार गिर गई और उसमे मजदूर दब गए, यह भी एक प्रश्नचिन्ह बना हुआ है। हालांकि पुलिस उक्त ईंट भट्ठे के मुंशी को फिलहाल हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

