बीरबल महतो, सारस न्यूज़, ठाकुरगंज
रविवार को पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस व अन्य वस्तुओं की महंगाई के खिलाफ राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकर्ताओं ने ठाकुरगंज प्रखंड कार्यालय के समक्ष विरोध प्रदर्शन किया। उक्त विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए राजद प्रखंड अध्यक्ष मो एकरामूल हक ने बताया कि देश व राज्य में बढ़ती महंगाई के लिए पूर्ण रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जिम्मेवार हैं। इसलिए उनका पुतला जलाया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ कर रख दी है लेकिन केंद्र और राज्य सरकार को इसकी कोई चिंता नहीं है। पेट्रोल और डीजल के साथ ही खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमत से हर कोई परेशान है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की जनविरोधी इस सरकार को हटाने के बाद ही लोगों को राहत मिलेगी। भ्रष्टचार, महंगाई, बेरोजगारी, गरीबी बढ़ रही है और आम जनता इससे बुरी तरह प्रभावित है। बता दें कि राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के आह्वान पर बढ़ती महंगाई के खिलाफ दो दिवसीय राज्यव्यापी आंदोलन के पहले दिन रविवार को कार्यकर्ताओं ने प्रखंड मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। महंगाई के खिलाफ दो दिवसीय राज्यव्यापी आंदोलन के दूसरे दिन 19 जुलाई को राजद के कार्यकर्ता सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन करेंगे। वहीं इस दौरान राजद जिला उपाध्यक्ष साबिर आलम, जिला उपाध्यक्ष नौशाद आलम, प्रखंड कोषाध्यक्ष महफूज आलम, युवा राजद प्रखंड अध्यक्ष मो सालिम अहमद, नगर राजद अध्यक्ष अशोक यादव, शाहिद आलम समेत अन्य राजद कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन कार्यक्रम में हिस्सा लिया।


