Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

वन विभाग द्वारा आइकॉनिक वीक के तहत आजादी के अमृत महोत्सव का आयोजन

Oct 9, 2021

बीरबल महतो, सारस न्यूज़, किशनगंज।

स्वतंत्रता के 75 वीं वर्षगांठ के अवसर पर वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, वन प्रक्षेत्र, किशनगंज के द्वारा आजादी का अमृत महोत्सव के तहत 04 अक्टूबर से 10 अक्टूबर के बीच आईकॉनिक वीक मनाया जा रहा है।  इस क्रम में शनिवार को वन विभाग के अधीनस्थ क्षेत्र भातडाला पार्क प्रक्षेत्र में वन एवं पर्यावरण विभाग के बैनर तले नपं अध्यक्ष प्रमोद कुमार चौधरी व वनों के क्षेत्र पदाधिकारी उमानाथ दुबे ने संयुक्त रूप से वृक्षारोपण किया। इस क्रम में वनों के  क्षेत्र  पदाधिकारी, किशनगंज उमानाथ दुबे के नेतृत्व में पार्क परिसर में कर्मियों के द्वारा विशेष सफाई अभियान चलाया गया, जिसमें सिंगल यूज प्लास्टिक त्यागने का नारा दिया गया तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के त्याग के लिए शपथ ली गयी। इस दौरान जल जीवन एवं हरियाली तथा जल संरक्षण विषय पर आयोजित चित्रांकन  प्रतियोगिता में प्लस टू प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय ठाकुरगंज के 15 छात्राओं ने  प्रतिभागी के रूप में भाग लिया। चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यालय की अनुष्का आचार्यजी को प्रथम, अनिमा पाल को द्वितीय तथा जूही अफरीदी को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ जिसे नपं अध्यक्ष प्रमोद कुमार चौधरी ने ट्रॉफी देकर सम्मानित व प्रोत्साहित किया। इस दौरान नपं अध्यक्ष प्रमोद कुमार चौधरी ने कहा कि कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव मनाने का उद्देश्य लोगों को स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और त्याग के बारे में जानकारी देना है।उन्होंने कहा कि लोक सेवक होने के नाते हमें अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा एवं इमानदारी से करना है। सरकार की ओर से जो भी जन कल्याणकारी योजनाएं संचालित हो रही है। उनका लाभ जन-जन तक पहुंचाना हैं। इस दौरान वनों के क्षेत्र पदाधिकारी उमानाथ दुबे ने कहा कि विभाग द्वारा आयोजित आजादी के अमृत महोत्सव आयोजन का मुख्य उद्देश्य व थीम प्लास्टिक के उपयोग को चरणबद्ध तरीके से समाप्त करना है। सिंगल यूज प्लास्टिक को सिरे से नकारना है, क्योंकि यह पर्यावरण के लिए काफी घातक सिद्ध हो रही हैं।उन्होंने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव गर्व के उन पलों को याद करना है। जिनसे भारत की आजादी का इतिहास जुड़ा है। यह सौभाग्य है कि देश ने इस अमृत महोत्सव को साकार करने की जिम्मेदारी हम सबों दी है। उक्त कार्यक्रम के मौके पर वार्ड पार्षद गोपीचंद उरांव, वनकर्मी बबलू कुमार व पंकज कुमार, वनरक्षी गौरव कुमार, अनिल कुमार व मनोज उरांव के साथ साथ विद्यालय की छात्राएं सम्मिलित थी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!