बीरबल महतो, ठाकुरगंज डॉट कॉम। अगर हम वास्तव में जीवित रहना चाहते हैं और अच्छे तरीके से जीवनयापन करना चाहते हैं तो अधिक से अधिक पेड़ लगाए जाने चाहिए। ऑक्सीजन लेने और कार्बन डाइऑक्साइड को छोड़ने के अलावा पेड़ पर्यावरण से अन्य हानिकारक गैसों को अवशोषित करते हैं जिससे वायु शुद्ध और ताज़ी बनती है। जितने हरे-भरे पेड़ होंगे उतना अधिक ऑक्सीजन का उत्पादन होगा और अधिक विषैली गैसों को यह अवशोषित करेंगे। उक्त बातें भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष बिजली प्रसाद सिंह ने नगर के वार्ड नं दो भीमवालिश चौक के समीप एक परिसर में आलोक सिंह के नेतृत्व में आयोजित सभी समस्याओं का एक ही समाधान चलाओ वृक्षारोपण अभियान मुहिम के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम में कहीं। उन्होंने कहा कि ठाकुरगंज प्रखंड क्षेत्र हरियाली की वजह से ही राज्य के अन्य प्रखंडों से ज्यादा वर्षा वाला क्षेत्र है। यहाँ अन्य क्षेत्रों के अलावे कम गर्मी व कम ठंडा पड़ता है। यहां ज्यादा वर्षा होती है,इसलिए इस क्षेत्र को राज्य का चेरापुंजी भी कहा जाता है।
वहीं पूर्व भाजयुमो जिलाध्यक्ष अमित कुमार सिंहा ने कहा कि पर्यावरण को बेहतर बनाने में वृक्ष और पौधे मदद करते हैं। ये हवा को शुद्ध, पानी को संरक्षित व जलवायु नियंत्रण में मदद करते हैं। मिट्टी की उर्वरा शक्ति को बरकरार रखने के साथ साथ कई अन्य तरीकों से समग्र पर्यावरण को लाभ पहुंचाते हैं। इस दौरान वृक्षारोपण के लिए आए गणमान्य नागरिकों ने पौधरोपण कर पर्यावरण को स्वच्छ व स्वस्थ रखने का संदेश दिया।
वहीं आलोक सिंह ने आमजन से अनुरोध करते हुए कहा कि पर्यावरण को शुद्घ रखने के लिए कम से कम एक पौधे अवश्य लगाए एवं उसकी देखभाल भी करें ताकि पौधरोपण करने का उद्देश्य पूरा हो सके। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण बहुत जरूरी है क्योंकि ग्लोबल वार्मिंग काफी तेजी से बढ़ रही है। इसलिए हम लोगों की आने वाली पीढ़ियों को बचाने व स्वच्छ वातावरण देने के लिए पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना बहुत जरूरी है।उन्होंने कहा कि शुक्रवार को हमलोगों ने सभी समस्याओं का एक ही समाधान चलाओ वृक्षारोपण अभियान मुहिम के तहत 100 पौधे लगाए हैं।इससे पूर्व हमलोगों ने उक्त मुहिम के तहत नागरिकों के सहयोग से नगर के विभिन्न वार्डों में 1000 से अधिक लगाए हैं।साथ ही इसकी उचित देखभाल भी की जा रही हैं ताकि पौधे भली भांति विकसित भी हो सके।
इस मौके पर स्थानीय नागरिक बतासु गणेश, सपन भट्टाचार्य, सुभाष यादव, मनमोहन साह, अतुल सिंह, अशोक शर्मा आदि सहित स्थानीय लोग मौजूद थे।
