सारस न्यूज़ टीम, सारस न्यूज़।
होली की पूर्व संध्या पर गुरूवार को ठाकुरगंज थानाध्यक्ष मोहन कुमार के नेतृत्व में प्रशासन की टीम ने फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान बीडीओ सुमित कुमार, सीओ ओमप्रकाश भगत, ईओ राजेश कुमार पासवान एवं सर्किल पुलिस इंस्पेक्टर सुनील कुमार पासवान सहित अन्य अधिकारियों ने संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च में शामिल होकर नगर क्षेत्र सहित प्रखंड के विभिन्न थाना क्षेत्र का भ्रमण किया। थाना परिसर से निकली यह फ्लैग मार्च मेन रोड, मस्तान चौक पेट्रोल पंप चौक, ब्लॉक रोड ठाकुरगंज बाजार होते हुए थाना में आकर समाप्त हुई। इस क्रम में भातढाला पोखर व पार्क के सामने होंने वाले स्थल का भी प्रशासन की टीम ने जायजा लिया।
इस दौरान थानाध्यक्ष मोहन कुमार ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए पुलिस व प्रशासन की टीम ने फ्लैग मार्च निकाला है। पर्व के दौरान बिहार पुलिस के जवानों की तैनाती थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर रहेगी। इसके अलावा मोबाइल पुलिस टीमें भी गठित की गई हैं। इससे अराजक तत्वों द्वारा अशांति फैलाने की कोशिश पर उनके खिलाफ कार्रवाई में आसानी होगी। पुलिस की मंशा है कि लोग त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से निर्भीक होकर मना सकें। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांतिपूर्ण ढंग से सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व को मनाने को लेकर जिला से अतिरिक्त फोर्स की व्यवस्था की गई है। सभी लोग शांति व सौहार्द के साथ पर्व मनाएं। लोगों को बताया गया कि जबरन किसी पर रंग न डाला जाए। आपसी प्रेम और सौहार्द के साथ होली मनाएं। साथ ही लोगों को यह भी बताया गया कि जगह-जगह डीजे बजाने पर प्रतिबंध रहेगा। अराजक तत्वों से पुलिस सख्ती से निपटेेगी।
