सारस न्यूज, किशनगंज।
शुक्रवार की देर शाम 19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल ठाकुरगंज के बटालियन मुख्यालय के प्रांगण में वाहिनी के कमान्डेंट मधुकर अमिताभ के नेतृत्व में इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया जिसमें सशस्त्र सीमा बल 19वीं वाहिनी में पदस्थापित, बलकर्मियों के अलावा ठाकुरगंज और बहादुरगंज के विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। वाहिनी के कमान्डेंट मधुकर अमिताभ ने सभी अतिथियों का स्वागत किया तथा पार्टी में शिरकत करने के लिए धन्यवाद अदा किया।
वाहिनी के कमान्डेंट मधुकर अमिताभ ने कहा कि रमजान के महीने में मुस्लिम समुदाय के लोग रोजा रखते हैं। इस्लाम में यह महिना काफी पवित्र माना जाता है। सुबह सवेरे सहरी की जाती है, शाम में सूरज ढलने के बाद रोजा खोला जाता है। शाम को रोजा खोलने की परंपरा को ही इफ्तार कहा जाता है। इस दौरान लोग एक साथ अपना उपवास या रोजा तोड़ने के लिए इकठ्ठा होते हैं। इस्लामिक मान्यताओं के अनुसार रमजान का महीना अल्लाह की इबादत का महीना होता है। मुसलमान पूरे रमजान में कुछ दिशा-निर्देशों और पैगंबर मोहम्मद की शिक्षाओं का पालन करते हैं।

वहीं कार्यक्रम के दौरान ठाकुरगंज थानाध्यक्ष सतीश कुमार हिमांशु, कुर्लिकोट थानाध्यक्ष इकबाल अहमद खान, अवर निबंधक मिथिलेश कुमार दास, उप कमान्डेंट रविकांत द्विवेदी, सहायक कमान्डेंट जय प्रकाश कुमार, निरीक्षक शंकर कुमार मंडल, मुख्य आरक्षी राकेश कुमार राय सहित एसएसबी के जवान शामिल हुए।
