सारस न्यूज टीम, पूर्वी चंपारण।
नेपाल से भारतीय सीमा की ओर लाए जा रहे 53 किलोग्राम गांजा पुलिस ने वाहन सहित जब्त किया। इसकी जानकारी सीमावर्ती पर्सा जिला मुख्यालय डीएसपी सह पुलिस प्रवक्ता ओमप्रकाश खनाल ने दी। बताया कि लिटिल फ्लावर बोर्डिंग स्कूल के समीप स्थित परवानीपुर पुलिस चौकी के पुलिसकर्मी गश्ती पर थे। इस दौरान संदेह के आधार पर गांव की ओर जा रहे ना-3 ख-6384 नंबर मिनी ट्रक की जांच की गई। इस दौरान दो बोरी में छुपाकर रखे गांजा के साथ नेपाल के मकवानपुर जिला के हेटौड़ा वार्ड नंबर 11 निवासी चालक 45 पूर्ण बहादुर मोक्तान, सह चालक राज भूलन को गिरफ्तार किया। नेपाल पुलिस दोनों लोगों से अलग-अलग पूछताछ कर रही है। पुलिस ने संदेह व्यक्त किया कि नेपाल के सुदूर पहाड़ी क्षेत्रों से नारकोटिक्स के अंतरराष्ट्रीय धंधेबाज ग्रामीण सीमावर्ती क्षेत्र के गुप्त स्थलों पर भंडारण करने जा रहे थे। जिसे ग्रामीण रास्तों से भारत में भेजने की योजना थी। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत शिकायत दर्ज कर उक्त दोनों लोगों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।