Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

फुलपरास के नवटोल में भोज खाने गए सुरहा के किशोर की गोली चलने से हुई मौत।

Jan 26, 2022

संसू, सारस न्यूज़, किशनगंज।

फुलपरास थाना क्षेत्र के नवटोल गांव में मंगलवार की देर रात भोज में गोली चलने की घटना सामने आई है। गोली लगने से एक किशोर की मौत हो गई है। मृतक की पहचान सुरहा निवासी राम उदगार यादव के 15 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार के रूप में हुई है। गोली चलने की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच जांच में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक, मृतक किशोर भोज खाने के लिए नवटोल गया था। खाने के दौरान गोली चली जो उसे लग गई। गोली चलते ही वहां अफरातफरी मच गई। जख्मी किशोर को लेकर लोग अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक नौंवी कक्षा का छात्र बताया जा रहा है। एसडीपीओ प्रभात कुमार शर्मा ने गोली लगने से किशोर के मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। लोगों से पूछताछ कर गोली चलाने वाले कि चिन्हित किया जा रहा है। मृतक के स्वजनों से भी बात की जा रही है। पुलिस जल्द मामले का पर्दाफाश कर देगी। घटना को अंजाम देने वाले कि गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, अभी तक किसी का नाम सामने नहीं आया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक के परिवार का पड़ोसी के साथ भूमि विवाद चल रहा है। लोग इस घटना को आपसी रंजिश से जोड़ कर भी देख रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद से मृतक के पड़ोसी फरार बताए जा रहे हैं। लोग किसी का नाम लेने से कतरा रहे हैं।एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। जल्द घटना का कारण स्पष्ट हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!