Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

भागलपुर में हवाई सेवा के लिए लोग आंदोलनरत।

सारस न्यूज टीम, सारस न्यूज, भागलपुर।

भागलपुर से हवाई सेवा की शुरुआत करने की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन दिनों दिन परवान चढ़ने लगा है। रविवार को छठे दिन भी भागलपुर हवाई जहाज सेवा संघर्ष समिति के तत्वाधान में चल रहा धरना जारी रहा। समिति के सदस्य योगेश कुमार यादव, सुबोध मंडल, संजय जयसवाल, अशोक सिंह आदि सुबह से ही घंटाघर चौक स्थित धरना स्थल पर डटे रहे। कमल जसवाल, आनंद मिश्रा, इंजीनियर अमन कुमार सिन्हा, अरविंद कुमार रामा, दिनेश सिंह, राजीव कुशवाहा, भैरव यादव, वकील सिंह, प्रकाश चंद गुप्ता, चंदन आचार्य, डा. शैलेंद्र नाथ, मुन्ना गांधी आदि ने भागलपुर से हवाई सेवा शुरुआत करने की मांग को लेकर आम लोगों के बीच हस्ताक्षर अभियान चलाया।

एक हजार से अधिक लोगों ने हस्ताक्षर कर भागलपुर से हवाई सेवा शुरुआत की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन में अपनी भागीदारी निभाई। प्रो. मनोज कुमार, अभय कुमार घोष, पवन कुमार साह, विनय कुमार सिन्हा, भगवान यादव, जय नंदन अचार्य, मृत्युंजय तिवारी, विश्वेश आर्या, नारायण कनोडिया आदि ने धरना को संबोधित करते हुए कहा कि भागलपुर के समग्र विकास के लिए हवाई सेवा अविलंब शुरू किया जाना चाहिए। वहीं हवाई सेवा की शुरुआत की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन में अब आधी आबादी भी पूरी भागीदारी निभा रही हैं। रविवार को सैकड़ों की संख्या में महिलाओं ने घंटाघर चौक स्थित धरना स्थल से वेरायटी चौक होते हुए स्टेशन चौक तक कैंडल मार्च निकाला। कैंडल मार्च में शामिल महिलाएं भागलपुर मांगे हवाई जहाज नारे लगा रही थीं। कैंडल मार्च में शामिल संगीता तिवारी, श्वेता सिंह, वीणा यादव, कांति पाठक, अंशु प्रियंका, टीना राजहंस, गुडिय़ा दुबे, गुड्डी पाठक, सारिका राजा, सुमन सोनी, पिंकी बाजोरिया, रूपा सिंह, असीम पाठक, ललिता सेन, विजया चौधरी, सुनंदा कोमल, सृष्टि, नीलम यादव, रश्मि रंजन आदि शामिल थी। महिलाओं ने कहा कि जब तक भागलपुर से हवाई सेवा की शुरुआत की घोषणा नहीं की जाती है, तब तक यह आंदोलन नहीं थमेगा।

बताते चलें कि पटना और कोलकाता के बीच भागलपुर एकमात्र बड़ा व्यवसायिक केंद्र है और पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं। हवाई सेवा की शुरुआत के बाद बड़े संख्या में पर्यटक भागलपुर आएंगे। साथ ही भागलपुर जैन तीर्थंकर भगवान श्री बासुपूज्य की जन्मस्थली है। भागलपुर से हवाई सेवा की शुरुआत होने के बाद देश-विदेश से जैन तीर्थ यात्री आसानी से भागलपुर पहुंच सकेंगे। सिल्क सिटी भागलपुर में बने सिल्क के कपड़ों की मांग देश-दुनिया में है। हवाई सेवा की शुरुआत होने के बाद दम तोड़ रहे सिल्क इंडस्ट्री को नई जान मिलेगी। जीआइ टैग हासिल कतरनी चावल, चूड़ा, आम का निर्यात बढ़ेगा। स्मार्ट सिटी के रूप में चयनित भागलपुर में स्मार्ट परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराया जाना समय की मांग है। हवाई सेवा की शुरुआत होने के बाद स्थानीय लोगों को एयर एंबुलेंस की भी सुविधा मिल पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!