सारस न्यूज टीम, सारस न्यूज, औरंगाबाद।
बिहार बोर्ड के मैट्रिक परीक्षा में टॉपर बनी रामायणी राय पत्रकार बन कर ग्राउंड रिपोर्टिंग करके देशवासियों को भारत की जमीनी हकीकत बताना चाहती है। मिडिया से बात करते हुए उसने बताया कि वह पत्रकार बनना चाहती है। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया या प्रिंट मीडिया की पत्रकार बनना चाहती है। इस सवाल पर वह हिचक जाती है। शायद उम्र कम होने के कारण यह तय नहीं कर सकी है कि दोनों में पसन्द कौन है। उसने यह जरूर कहा कि ग्राउंड रिपोर्टिंग करके वह देश को असली भारत की तस्वीर दिखाना चाहती है। उसने बताया कि वह स्कूल के अलावा प्रतिदिन तीन से चार घंटा पढ़ती है। सुबह पांच बजे जगती है और देर रात तक अगर मन किया तो पढ़ती रहती है।
राजद नेता की पौत्री है बिहार टॉपर।:-
मैट्रिक की परीक्षा में बिहार टॉपर रामायणी राय राजद नेता की पुत्री है। इसके दादा अयोध्या यादव औरंगाबाद जिला के गोह विधानसभा क्षेत्र से चार बार चुनाव लड़ चुके हैं। अयोध्या यादव ने बताया कि वर्ष 2000 में वे राजद के टिकट पर चुनाव लड़े थे। तब उन्हें लगभग 50000 मत प्राप्त हुआ था। हालांकि वे चुनाव जीतने में कामयाब नहीं हो सके थे। इसके बाद 2005 में वे निर्दलीय चुनाव लड़ कर करीब 18000 वोट हासिल करने में सफल रहे। इसके बाद वर्ष 2005 में दूसरी बार अक्टूबर-नवंबर में हुए चुनाव में समाजवादी पार्टी से चुनाव लड़े और करीब 19000 मत उन्हें प्राप्त हुआ। जबकि 2010 में राजद से उन्हें चुनाव लड़ने का मौका मिला और करीब 51000 मत प्राप्त कर सके। इस बार भी वे चुनाव जीतने से वंचित रह गए। उन्होंने बताया कि रामायणी के पिता डॉक्टर जितेंद्र सिंह भोला पशु चिकित्सक हैं। फिलहाल बाराचट्टी में पदस्थापित हैं। भोला, अयोध्या यादव के बड़े पुत्र हैं। रामायणी की मां किरण देवी गांधी हाई स्कूल में विज्ञान शिक्षिका हैं।
