राहुल कुमार, सारस न्यूज, किशनगंज।
जिला पदाधिकारी विशाल राज की अध्यक्षता में कार्यालय वेश्म में निर्वाचक सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2025 तथा आगामी विधान सभा आम निर्वाचन-2025 के संबंध में राजनीतिक दलों के साथ बैठक का आयोजन किया गया।
अर्हता तिथि 01.01.2025 के आधार पर निर्वाचन सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2025 के क्रम में दिनांक 07.01.2025 को अन्तिम रूप से प्रकाशित निर्वाचक सूची के उपरांत सतत अद्यतीकरण की प्रथम तिमाही (07.01.2025 से 31.03.2025) की अवधि में निर्वाचकों से संबंधित आँकड़े राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के समक्ष प्रस्तुत किए गए। प्रपत्र 6, 7 एवं 8 के निष्पादन से संबंधित प्रपत्र-09, 10 एवं 11 की प्रतियाँ निर्वाचन विभाग की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई हैं, जिससे संबंधित स्थिति विभागीय पोर्टल के माध्यम से देखी जा सकती है।
बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा बी.एल.ए. (बूथ लेवल एजेंट) की भूमिका की महत्ता पर प्रकाश डाला गया तथा सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से अपेक्षा की गई कि वे अपने बी.एल.ए.-1 एवं बी.एल.ए.-2 की नियुक्ति शीघ्र सुनिश्चित करें। इसके लिए विभागीय पोर्टल (https://ele.bihar.gov.in/blareport/) विकसित किया गया है। सभी दलों को उक्त पोर्टल पर प्रविष्टि एवं संशोधन कार्य शीघ्र संपन्न करने का अनुरोध किया गया।
राजनीतिक दलों को अवगत कराया गया कि बिहार राज्य में विगत लोक सभा आम निर्वाचन-2024 में मतदान प्रतिशत न्यूनतम रहा, जिसमें किशनगंज जिले का मतदान प्रतिशत 62.84 रहा है। इस स्थिति में सुधार लाने हेतु दलों से बहुमूल्य सुझाव आमंत्रित किए गए ताकि अधिकाधिक मतदान सुनिश्चित किया जा सके।
निर्वाचन विभाग, बिहार द्वारा किशनगंज जिला को पूर्णिया जिला से BU-400, CU-250 एवं VVPAT-270 की संख्या में EVM आवंटित किया गया है। उक्त EVM को वेयरहाउस में सुरक्षित रूप से रखा गया एवं स्कैनिंग कार्य सभी दलों की उपस्थिति में प्रारंभ कर दिया गया है।
राजनीतिक दलों के अनुरोध पर यह निर्णय लिया गया कि बी.एल.ओ. एवं प्रखंड स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय के लिए प्रखंड स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएंगी। इस संबंध में सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
बैठक का समापन आगामी बिहार विधान सभा आम निर्वाचन-2025 की सम्यक तैयारी सुनिश्चित कराने हेतु राजनीतिक दलों से सहयोग की अपेक्षा के साथ किया गया।
बैठक में डीडीसी स्पर्श गुप्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी एवं अन्य राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल थे।