विशेष संवाददाता, सारस न्यूज़, दार्जिलिंग।
खोरीबाड़ी : 2021-22 में सरकार द्वारा समर्थित न्यूनतम मूल्य पर धान खरीद की तैयारी शुरू कर दी गई है। सरकार द्वारा जो धान का मूल्य निर्धारित किया गया है उसके मुताबिक साधारण धान 1940 प्रति क्विंटल है। लेकिन यह लाभ खोरीबाड़ी के किसानों को नहीं मिल रहा है। जबकि
किसानों को समर्थन मूल्य योजना का लाभ देने के लिए ग्रामीण क्षेत्र में स्थापित किए गए धान क्रय केंद्रों पर कालाबाजारी का खेल तेजी से शुरू हो गया है। इन केंद्रों पर सीमावर्ती बिहार सहित विभिन्न स्थानों से 1200- 1300 रुपये प्रति क्विंटल धान खरीदकर व दलालों द्वारा यहां लाकर बेचा जा रहा है। यहां के किसान धान बेचने के लिए वंचित हैं । यहां के किसानों का धान नहीं खरीदा जा रहा है। जो दलाल धान ला रहे हैं उनका धान को खरीदा जा रहा है। जिसके कारण किसानों को समर्थन मूल्य योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। जिससे किसान अब आक्रोशित हो गए हैं। इसी क्रम में गुस्साए लोगों ने गुरुवार को बिहार के एक पीकअप वाहन में लाए गए धान की गाड़ी को नायाहाट के पास रोक दिया और अपना गुस्सा जताया है।
किसानों का कहना है कि बिहार से धान कम दाम पर खरीदा जा रहा है और पश्चिम बंगाल में ऊंचे दाम पर बेचा जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे यहां के किसान अपना धान नहीं बेच पा रहे हैं। स्थानीय वैधनाथ राय, प्रलाद सिंह आदि ने बताया कि बिचैलिया और माफिया इन दिनों बिहार से नकद 1200 से 1300 रुपये क्विंटल धान खरीदकर ला रहे हैं और यहां दलालों द्वारा बेचा जा रहा है। जिससे यहां के किसानों को समर्थन मूल्य का लाभ नहीं मिल पा रहा है। यहां के किसान क्रय केंद्र पर धान की बिक्री से वंचित हो रहे हैं। उन्होंने कहा किसानों को बिचौलियों से बचाने के लिए सरकार हर बार प्रयास करती है लेकिन फिर भी अधिकारियों की लापरवाही से क्रय केंद्रों पर माफिया हावी हो जाते हैं और धान की कालाबाजारी शुरू हो जाते हैं और आज कालाबाजारी देखा भी जा रहा है। जिसके कारण किसानों को लाभ नहीं मिल पा रहा हैं। आरोप है कि धान माफिया लाखों रुपये चट कर रहे हैं। वहीं सूचना मिलने पर खोरीबाड़ी पुलिस, खोरीबाड़ी कृषि विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। इस संबंध में कृषि विभाग के अधिकारी ठाकुरदास कारजी ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि धान से लदे पिकअप वैन को प्रखंड प्रशासन के निर्देश पर थाने लाया जायेगा। उन्होंने कहा वास्तव में धान बिहार से लाया गया है या नहीं इसकी जांच की जायेगी और स्थानीय लोगों को भी जांच का आश्वासन दिया गया। बाद में कार्यवाही के लिए पीकअप वाहन में लाए गए धान समेत वाहन को भी खोरीबाड़ी थाना ले जाया गया था।
