बीरबल महतो, सारस न्यूज़, दार्जिलिंग।
दार्जिलिंग के सांसद व भाजपा प्रवक्ता राजू बिष्ट ने बुधवार को केंद्रीय परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। सांसद ने सर्वप्रथम केंद्रीय मंत्री का दार्जिलिंग व उत्तर बंगाल के विभिन्न राजमार्ग को विकसित करने के लिए आभार जताया। सांसद ने दार्जिलिंग मोड़ का तेजी से विकास करने और कोरोनेशन ब्रिज के विकल्प के निर्माण की जरूरत पर जोर दिया। सांसद ने केंद्रीय मंत्री से राजमार्ग 10 का विस्तार करने के साथ विकसित कराएं, कालिम्पोंग के लिए एक वैकल्पिक राजमार्ग के निर्माण, सिलीगुड़ी रिंग रोड के विकास की जरूरत ताकि शहर का यातायात सुगम हो ताकि शहर को विकसित करने में मदद मिले। सांसद ने बताया कि दार्जिलिंग मोड़ के विकास को वर्ष 2021-22 के वार्षिक योजना में शामिल किया गया है। वहीं केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मंत्रालय की ओर से 1150 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बालासन से सेवक तक दार्जिलिंग मोड़ खंड को 13.4 किमी लंबे एलिवेटेड 4-लेन कॉरिडोर के रूप में विकसित करने का कार्य करेगा। उन्होंने आगे कहा कि कोरोनेशन ब्रिज के लिए 1.34 किमी लंबे विकल्प का निर्माण होगा, इसके लिए 50 मीटर रेलवे भूमि का एक छोटा सा भाग पट्टे पर दिया गया है। यह प्रस्तावित परियोजना में तेजी लाने में मदद करेगा, जो दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, सिक्किम के लोगों को डुआर्स क्षेत्र से जोड़ने के लिए तैयार है। यह वैकल्पिक पुल हमारे राष्ट्रीय सुरक्षा की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग-10 के विकास पर मंत्रालय ने 800 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से विस्तार, पुनर्विकास और सुरक्षा दीवारों के निर्माण के लिए 20 स्थानों को चिन्हित किया है। केंद्रीय मंत्री ने सांसद राजू बिष्ट को बताया कि सिलीगुड़ी रिंग रोड के व्यवहार्यता अध्ययन के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, और व्यवहार्यता अध्ययन करने के लिए 18 बोलिया प्राप्त हुई हैं, जिनकी अभी विस्तृत जाच हो रही है। ये सभी परियोजनाएं हमारे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण, अत्यावश्यक और बहुत जरूरी हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से हमारे लोगों के लिए परिवहन संकट को कम करने में काफी मदद मिलेगी। अंत में सांसद राजू बिष्ट ने केंद्रीय मंत्री व उनके विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की, जिस वजह से राष्ट्रीय राजमार्ग की स्थिति में सुधार हो रहा है। सांसद ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को नई परियोजना की आधारशिला रखने के लिए आमंत्रित किया है, जिसके लिए उन्होंने स्वीकृति प्रदान कर दी है। उपरोक्त जानकारी सांसद राजू बिष्ट द्वारा भेजी गई विज्ञप्ति से हुई।