चन्दन मंडल, सारस न्यूज़, बंगाल।
खोरीबाड़ी : नक्सलबाड़ी के किरणचंद्र बागान इलाके में एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान विकास मुंडा (37 वर्ष) के रूप में हुई है। नक्सलबाड़ी पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेज दिया है। नक्सलबाड़ी पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुराने विवाद के कारण फैबियानस मिंज नामक व्यक्ति ने विकास मुंडा की हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने स्वयं को पुलिस को आत्मसमपर्ण कर दिया है। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले विकास मुंडा ने फैबियानस मिंज नामक व्यक्ति पर त्रिशूल से हमला कर दिया था। इस घटना में फैबियानस मिंज किसी तरह बच गया । इसके बाद फिर शुक्रवार की रात फैबियानस मिंज व विकास मुंडा के बीच बहस हो गयी थी। आरोप है कि बहस के दौरान फैबियानस ने विकास मुंडा की हत्या कर दी। घटना के बाद शनिवार की सुबह आरोपी ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। नक्सलबाड़ी पुलिस द्वारा उक्त आरोपी फैबियानस मिंज के खिलाफ आईपीसी 302 के तहत मामला दर्ज कर पूरी घटना की जांच कर रही है। आरोपी को कल सिलीगुड़ी कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस संबंध में दार्जिलिंग जिले के ग्रामीण डीएसपी अचिंत्य दास गुप्ता ने बताया कि शुक्रवार की रात फैबियानस मिंज व विकास मुंडा के बीच लड़ाई झगड़ा हुआ था। शनिवार की सुबह उक्त इलाके में विकास मुंडा का शव बरामद किया गया। इसके बाद आरोपी फैबियानस मिंज ने अपना जुल्म स्वीकार करते हुए पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। रविवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।