सारस न्यूज टीम, सिलीगुड़ी।
बीते छह दिनों से सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस भू-माफिया के खिलाफ लगातार मुहिम चला रही है। बीते 24 घंटे में भू-माफिया गिरोह के 15 से अधिक सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। इस तरह से बीते छह दिनों में जमीन के अवैध कारोबार में शामिल 55 से अधिक लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इसी कड़ी में ऑपरेशन भू-माफिया-2 में सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस को एक बड़ी मछली हाथ लगी है। पहले छोटी मछलियों को पकड़ने के बाद अब बड़ी मछली मछली को पुलिस ने जाल में फांसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में एक बड़ी मछली को पकड़ा गया है। उसका नाम मोना पाल बताया गया है। आरोपित को गुरुवार जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया जाएगा।
जमीन पर अवैध कब्जा कर गड़बड़ झाला करने का आरोप में कोलकाता के एक व्यक्ति ने हाल में ही भक्तिनगर थाने में मोना पाल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इसके अतिरिक्त सिलीगुड़ी के एक व्यक्ति ने भी जमीन पर अवैध कब्जा करने की शिकायत मोना पाल के खिलाफ दर्ज कराई। इन दोनों मामले में संदिग्ध होने के आधार पर पुलिस ने बुधवार को मोना पाल को गिरफ्तार किया है।
पुलिस की मानें तो आरोपित जमीन के अवैध कारोबार में अप्रत्यक्ष रुप से शामिल होता है। वहीं भक्तिनगर थाना पुलिस ने शंकर सूत्रधर नाम के एक व्यक्ति को भी जमीन के अवैध कारोबार करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। उसे बुधवार जलपाईगुड़ी अदालत में पेश कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त न्यू जलपाईगुड़ी थाना पुलिस ने सरकारी व निजी जमीन पर अवैध रुप से कब्जा कर खरीद-बिक्री करने के आरोप में गौरांग राय और हर कुमार राय को गिरफ्तार किया है। दोनों को बुधवार जलपाईगुड़ी अदालत में पेश कर दिया गया है।
सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस के एसीपी राजेन छेत्री ने बताया कि सूची तैयार कर गिरफ्तारी की जा रही है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जमीन के अवैध कारोबार से जुड़े एक भी व्यक्ति को छोड़ा नहीं जाएगा। बीते छह दिनों में 55 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके साथ ही कई और लोगों को गिरफ्तारी करने की तैयारी जारी है। भू माफिया को पकड़ने के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी जारी है।