शहर के देशबंधुपाड़ा में किराए के मकान में रहने वाली एक विवाहित महिला की 38 वर्षीय स्वपन राय से पहले मुलाकात हुई। इसके बाद मुलाकात का दौर प्यार में बदल गया और प्यार परवान चढ़ गया। आरोप है कि शादी का झांसा देकर स्वपन राय ने महिला के साथ शारीरिक संबंध भी बनाए। पिछले 5 वर्षों से दोनों का यह रिश्ता चल रहा था। लेकिन फिर अचानक दोनों के बीच दूरी आने लगी। जिसके बाद महिला अपने प्रेमी स्वपन राय की बेवफाई की शिकायत लेकर सीधा सिलीगुड़ी महिला थाना पहुंच गयी। पीड़ित महिला ने थाना में प्रेमी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने लिखित शिकायत में बताया कि शादी का वादा कर स्वपन ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इतना ही नहीं स्वपन ने महिला से करीब 6 लाख रुपये भी लिए है, लेकिन अब स्वपन उसे छोड़ना चाहता है। इधर, शिकायत के आधार पर महिला थाना की पुलिस ने सोमवार की रात भक्ति नगर थाना अंतर्गत वेदगाड़ा इलाके से आरोपी स्वपन राय को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करने के बाद मंगलवार को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया है। सिलीगुड़ी महिला थाना की पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।