सारस न्यूज टीम, सारस न्यूज, सिलीगुड़ी।
मालदा से सिलीगुड़ी लाया जा रहा तीन किलो से अधिक विदेशी सोना डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआइ) सिलीगुड़ी यूनिट ने जब्त किया है। सोना लेकर सिलीगुड़ी आ रहे एक युवक को तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उसका नाम अमित साव है। आरोपित को रविवार को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया।
डीआरआइ सिलीगुड़ी यूनिट की टीम ने बीते शनिवार की रात शहर से सटे बागडोगरा के निकट उत्तरबंग विवि के सामने एशियन हाइवे पर एक बस को रोका। टीम ने मालदा से सिलीगुड़ी आ रही उस बस में बैठे अमित साव को सीधा हिरासत में ले लिया। सिलीगुड़ी के हाकिम पाड़ा स्थित डीआरआइ कार्यालय लाकर उसकी तलाशी ली गई। उसके पास से डीआरआइ ने सोने का 20 बिस्कुट बरामद किया। बरामद सोने से संबंधित कागजात नहीं देने पर डीआरआइ ने कस्टम एक्ट के तहत आरोपित को तस्करी क़े आरोप में गिरफ्तार किया। साथ ही सोना जब्त किया। आरोपित ने अपने शरीर में पहने विशेष कपड़ों में सोने के बिस्कुट छिपा रखे थे। जब्त सोने के प्रत्येक बिस्कुट का वजन 166 ग्राम है। कुल 20 बिस्कुट का कुल वजन तीन किलो 320 ग्राम बताया गया है। जिसकी बाजार कीमत एक करोड़ 71 लाख 87 हज़ार 640 रुपया आंका गया है। आरोपित अमित मूल रूप से हावड़ा का निवासी है।
सूत्रों की माने तो यह सोना इंडो-म्यांमार बॉर्डर से भारत मे लाया गया। डीआरआइ को चकमा देने के लिए म्यांमार से असम से होकर अलीपुरद्वार, कूचबिहार से मालदा पहुंचाया गया। फिर वहां से सिलीगुड़ी के लिए रवाना किया गया था।